काेलकाता में सीएम शुभेंदु के मंच पर दिखे फिरहाद व ममता बनर्जी की भाभी
कोलकाता, 15 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार कोलकाता नगर निगम (केएमसी) मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान मंच और कार्यक्रम स्थल पर तृणमूल कांग्रेस से जुड़े कई प्रमुख नेता, पार्षद और पूर्व जनप्रतिनिधि मौजूद दिखाई दिए।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भाभी तथा वार्ड संख्या 73 की पार्षद काजरी बनर्जी भी उपस्थित रहीं। उनके अलावा केएमसी के पूर्व मेयर और हाल ही में पद से इस्तीफा देने वाले फिरहाद हाकिम भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर पार्षद अनन्या बनर्जी, जुई विश्वास, पूर्व विधायक देबाशीष कुमार सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। कार्यक्रम में राज्य मंत्री शशि पांजा की बेटी और मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य के पुत्र की उपस्थिति भी चर्चा का विषय रहा।
केएमसी में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्वच्छता से स्वागत अभियान का शुभारंभ किया। मंच पर उनके साथ दक्षिण कोलकाता की सांसद माला राय, संदीपन साहा और जावेद खान भी मौजूद रहे।
राजनीतिक रूप से इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी की नगर निगम में यह पहली आधिकारिक उपस्थिति थी। कार्यक्रम में विभिन्न दलों और राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, नागरिक सेवाओं और शहरी विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई तथा नगर निगम क्षेत्र में चलाए जाने वाले स्वच्छता अभियानों को लेकर भी संदेश दिया गया।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

