शुभेंदु ही बंगाल के सच्चे भूमिपुत्र, उनके नेतृत्व में बना उद्योगों के लिए भयमुक्त माहौल : गौतम अडानी
कोलकाता, 24 सितंबर (हि.स.)। देश के जाने-माने उद्योगपति और अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व और कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना की है। गुरुवार को न्यू टाउन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता और प्रयासों की बदौलत आज बंगाल में उद्योगों और निवेशकों के लिए पूरी तरह से एक सकारात्मक और भयमुक्त वातावरण तैयार हो चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे देश की निगाहें अब एक नई उम्मीद के साथ पूर्वी भारत और विशेष रूप से पश्चिम बंगाल की ओर टिकी हुई हैं।
मुख्यमंत्री की जमकर तारीफ करते हुए गौतम अडानी ने मंच से कहा कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के समग्र विकास के प्रति शुभेंदु अधिकारी की अटूट प्रतिबद्धता ने यह साबित कर दिया है कि वह राज्य के सच्चे भूमिपुत्र हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्तमान नेतृत्व के मार्गदर्शन में पश्चिम बंगाल प्रगति के एक ऐतिहासिक और नए अध्याय में प्रवेश करने जा रहा है।
उद्योगपति ने कहा कि जिस निष्ठा के साथ सरकार काम कर रही है, उसी के बलबूते राज्य का कायाकल्प होगा और यह एक बार फिर से नई ऊंचाइयों पर स्थापित होगा।
अडानी ने कहा कि राज्य लंबे समय तक औद्योगिक गतिरोध और आर्थिक संकट के दौर से गुजरा है, लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री की अगुवाई में बने अनुकूल माहौल ने बड़े उद्योग घरानों में भारी भरोसा जगाया है। इसी प्रशासनिक विश्वास और भयमुक्त कार्यप्रणाली से प्रभावित होकर उनका समूह राज्य के विकास में बढ़-चढ़कर भागीदार बनने के लिए आगे आया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के दृढ़ नेतृत्व में बंगाल न केवल अपनी खोई हुई पहचान वापस हासिल करेगा, बल्कि देश के सबसे प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों में से एक बनकर उभरेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

