ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना, कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन
कोलकाता, 25 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कोलकाता में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और साथ ही भारत निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग गुप्त रूप से 1.20 करोड़ वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास कर रहा है।
दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर स्थित जैन समुदाय के पवित्र स्मारक ‘मान स्तंभ’ के उद्घाटन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि लोकतंत्र गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है। उनका आरोप था कि उच्चतम न्यायालय के आदेशों का भी पालन नहीं किया जा रहा है और सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि यह लड़ाई केवल किसी एक दल के समर्थकों की नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की है। उन्होंने कहा कि चाहे नाम तृणमूल कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) या कांग्रेस के समर्थकों के हों, किसी भी नागरिक के संवैधानिक अधिकारों से खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि वह न्याय की प्रार्थना कर रही हैं और लोगों को अनावश्यक उत्पीड़न से बचाने की अपील करती हैं।
अपने विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर को ‘मिनी भारत’ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग पीढ़ियों से सौहार्दपूर्वक रहते आए हैं। दुर्गा पूजा, क्रिसमस और ईद जैसे सभी पर्वों में हर समुदाय की भागीदारी इस क्षेत्र की परंपरा और संस्कृति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि मान स्तंभ में धार्मिक उपदेश चार भाषाओं में अंकित किए गए हैं, जिससे इसकी समावेशी भावना स्पष्ट होती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने लगभग 850 करोड़ की लागत से विभिन्न परियोजनाएं शुरू की हैं। इनमें अलग-अलग स्थानों पर मातृ एवं शिशु केंद्र, हुगली जिले के फुरफुरा शरीफ में 100 शैय्या वाला अस्पताल तथा उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार अस्पताल में 50 शैय्या वाला गंभीर देखभाल केंद्र शामिल है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से आम जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगें पूरी होंगी।
इसके अलावा उन्होंने 100 से अधिक सीएनजी बसों और अग्निशमन उपकरणों से सुसज्जित मोटरसाइकिलों को रवाना किया। 20 सौर ऊर्जा संचालित उच्च मस्तूल दीपों का उद्घाटन किया गया तथा निर्माण श्रमिकों के लिए 15 करोड़ की लागत से बने छात्रावास का वर्चुअल उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने ‘सबुज साथी’ योजना के तहत कक्षा 12 के विद्यार्थियों को 12 लाख साइकिलों के वितरण की शुरुआत की। वर्ष 2015-16 से अब तक राज्य के 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्रों को 1.50 करोड़ से अधिक साइकिलें वितरित की जा चुकी हैं, जिस पर राज्य सरकार लगभग पांच हजार करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है।
न्यू टाउन में अल्पसंख्यक समुदायों के लिए 30 करोड़ की लागत से बनने वाले सांस्कृतिक केंद्र का शिलान्यास करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि यह स्थान सभी अल्पसंख्यक समुदायों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध रहेगा। उन्होंने अपने विधायक क्षेत्र विकास कोष से एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। साथ ही संत कुटिया गुरुद्वारा के बाहर एक द्वार का भी उद्घाटन किया।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

