पश्चिम बंगाल : बीरभूम जिले के बोलपुर में भाजपा के बूथ अध्यक्ष की गाेली मारकर हत्या

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम बंगाल : बीरभूम जिले के बोलपुर में भाजपा के बूथ अध्यक्ष की गाेली मारकर हत्या


कोलकाता, 28 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के बोलपुर में रविवार देर शाम बेखौफ बदमाशों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेता की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान चंदन भल्ला के रूप में हुई है, जो इलाके में भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे।

पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने उन्हें पॉइंट ब्लैंक रेंज (बिल्कुल करीब) से गोली मारी है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव और सनसनी का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही बीरभूम जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विदित राज बुंदेश दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह घटना बोलपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 12 स्थित दुर्गा माता क्लब के पास शाम करीब साढ़े सात बजे के आसपास हुई। चंदन भल्ला जब अपने घर लौट रहे थे, तभी एक बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोका और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद भाजपा नेता लहूलुहान होकर वहीं सड़क पर गिर पड़े, जबकि हमलावर मौका पाकर वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस हत्याकांड के बाद भाजपा नेताओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। भाजपा के बोलपुर संगठनात्मक जिला अध्यक्ष श्यामापद मंडल ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि प्रशासन को 24 घंटे के भीतर दोषियों को गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देनी चाहिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर बोलपुर जैसे शहर के बीचों-बीच इस तरह की घटना घट सकती है, तो दूरदराज के इलाकों में सुरक्षा की क्या स्थिति होगी, यह सोचकर ही काफी चिंता होती है।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक विदित राज बुंदेश ने बताया कि मामले में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली गई है और जांच तेज कर दी गई है। मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। इसके अलावा, पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story