प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह ने दी बंगाल दिवस की शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह ने दी बंगाल दिवस की शुभकामनाएं


कोलकाता, 20 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने ने शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल के लोगों के सुख और समृद्धि की कामना की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया मंच एक्स के माध्यम से कहा, पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल के मेरे सभी बहनों और भाइयों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह दिन ऐसे राज्य का उत्सव मनाता है, जिसने साहित्य, संगीत, कला, आध्यात्मिकता, विज्ञान, व्यापार और वाणिज्य, समाज सुधार तथा कई अन्य विविध क्षेत्रों में अपने योगदान के माध्यम से भारत के इतिहास को आकार दिया है। बार-बार, अनगिनत तरीकों से पश्चिम बंगाल ने भारत की राष्ट्रीय चेतना को समृद्ध किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, पश्चिम बंगाल के इतिहास में 20 जून का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी दिन यह सुनिश्चित किया गया था कि पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा बना रहेगा। इसके पीछे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का अमूल्य योगदान था। वर्ष 2026 में हम डॉ. मुखर्जी की 125वीं जयंती भी मना रहे हैं। जनता के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल सरकार के साथ मिलकर काम करेगी। मैं पश्चिम बंगाल की प्रगति और पश्चिम बंगाल के लोगों की समृद्धि के लिए प्रार्थना करता हूं।

इसके अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल के लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है।शनिवार सुबह साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से उन्हाेंने कहा, पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर सभी राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई। समृद्ध संस्कृति, आध्यात्मिकता, ज्ञान और विज्ञान की भूमि यह बंगाल भक्ति आंदोलन, स्वतंत्रता संग्राम और पुनर्जागरण से लेकर राष्ट्र निर्माण के प्रत्येक चरण में असाधारण योगदान देता रहा है। स्वामी विवेकानंद, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय, रवींद्रनाथ ठाकुर, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महामानवों की यह पवित्र भूमि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में अपनी गौरवशाली परंपरा और वैभव को पुनर्स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मां दुर्गा से प्रार्थना करता हूं कि वे राज्य के सभी लोगों के जीवन को सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण से परिपूर्ण करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

Share this story