(अपडेट) धुपगुड़ी में योगी का ममता सरकार पर हमला, बोले- यूपी की तरह बंगाल में भी लव जिहाद और लैंड जिहाद पर लगेगी रोक
कोलकाता, 18 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर बंगाल के कई क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कूचबिहार के माथाभांगा विधानसभा क्षेत्र तथा जलपाईगुड़ी जिले के धुपगुड़ी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं कीं और दावा किया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो उत्तर प्रदेश की तर्ज पर कानून व्यवस्था मजबूत की जाएगी तथा लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसी गतिविधियों पर रोक लगाई जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धुपगुड़ी की सभा में कहा कि बंगाल की धरती पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बंगाल को वीरों, किसानों और सांस्कृतिक चेतना की भूमि बताते हुए कहा कि इस राज्य ने देश को राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान जैसी अमूल्य धरोहरें दी हैं। उन्होंने कहा कि कभी बंगाल देश की प्रगति का इंजन माना जाता था, लेकिन आज यह राज्य अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान शासन ने उद्योग-धंधों को कमजोर किया, शिक्षा व्यवस्था को पीछे धकेला और राज्य की पहचान को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि बंगाल जैसे समृद्ध राज्य को विकास, रोजगार और सुरक्षा की दिशा में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश शासन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने अपराध, भ्रष्टाचार और अराजकता पर कठोर कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में दंगों, कर्फ्यू और असुरक्षा का माहौल रहता था, त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के समय तनाव की स्थिति बन जाती थी, लेकिन अब प्रदेश में शांति और कानून का राज स्थापित हुआ है।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में “नो कर्फ्यू, नो दंगा” की स्थिति है और लोग बिना भय के अपने पर्व और त्योहार मना रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि उनकी सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, निवेश, रोजगार और बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया है।
धूपगुड़ी की सभा में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसी समस्याओं पर सख्ती से रोक लगाई गई है। यदि बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो यहां भी ऐसी गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता जनता की सुरक्षा और विकास होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के मुद्दे पर विपक्षी दलों को भी घेरा। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम में आवश्यक संशोधन तथा महिलाओं को उनका अधिकार देने के मामले में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और वामपंथी दलों ने बाधाएं खड़ी कीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने आधी आबादी का अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि बंगाल की मातृशक्ति आज असुरक्षा, भ्रष्टाचार और राजनीतिक हिंसा से परेशान है। राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं हैं और जनता बदलाव चाहती है।
माथाभांगा की सभा में भी योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही बंगाल को सुशासन दे सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अब तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार और भय की राजनीति से मुक्ति चाहती है।
योगी आदित्यनाथ ने मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यदि बंगाल में परिवर्तन होता है तो राज्य फिर से उद्योग, व्यापार, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में अग्रणी बन सकता है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

