पश्चिम बंगाल के जंगलमहल में प्रधानमंत्री मोदी की चार सभाएं, आदिवासी मतदाताओं पर विशेष जोर

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम बंगाल के जंगलमहल में प्रधानमंत्री मोदी की चार सभाएं, आदिवासी मतदाताओं पर विशेष जोर


कोलकाता, 18 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के चुनाव प्रचार को तेज करते हुए रविवार को जंगलमहल क्षेत्र में चार जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इस दौरे में आदिवासी मतदाताओं को साधने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को राज्य के राढ़ बंगाल क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण इलाकों में सभाएं करेंगे। उनके कार्यक्रम में बिष्णुपुर, पुरुलिया, झाड़ग्राम और मेदिनीपुर शामिल हैं। एक ही दिन में राज्य में चार सभाएं करना उनके सामान्य चुनावी कार्यक्रम से अलग माना जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री शनिवार रात अंडाल हवाई अड्डे पहुंचेंगे और दुर्गापुर में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद रविवार सुबह वह बांकुड़ा पहुंचेंगे, जहां बारजोड़ा में लगभग 11 बजे पहली सभा करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री पुरुलिया जाएंगे, जहां बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 12:45 बजे दूसरी सभा निर्धारित है। तीसरी सभा झाड़ग्राम में दोपहर 2:45 बजे नगर क्षेत्र के निकट होगी। चौथी और अंतिम सभा मेदिनीपुर में आयोजित की जाएगी।

इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री 23 अप्रैल को हावड़ा स्थित बेलूर मठ भी जाएंगे। वहां से वह शालकिया तक रोड शो करेंगे। उसी दिन कृष्णानगर में भी उनकी एक जनसभा प्रस्तावित है।

पहले चरण के मतदान में अब केवल पांच दिन शेष रहने के कारण राज्य में चुनाव प्रचार काफी तेज हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता लगातार बंगाल का दौरा कर रहे हैं।

भाजपा ने 294 विधानसभा क्षेत्रों में प्रधानमंत्री मोदी को अपने मुख्य प्रचार चेहरे के रूप में आगे रखा है। पार्टी लगातार “सोनार बांग्ला” के निर्माण का नारा भी दोहरा रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, प्रधानमंत्री का यह दौरा जंगलमहल क्षेत्र में आदिवासी समुदाय के बीच समर्थन मजबूत करने की रणनीतिक कोशिश माना जा रहा है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story