बहरमपुर में अधीर रंजन चौधरी के समर्थन में उतरे मोहम्मद अजहरुद्दीन, किया रोड शो

WhatsApp Channel Join Now
बहरमपुर में अधीर रंजन चौधरी के समर्थन में उतरे मोहम्मद अजहरुद्दीन, किया रोड शो


कोलकाता, 18 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की बहरमपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी अधीर रंजन चौधरी के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने शहर में रोड शो में हिस्सा लेकर मतदाताओं से कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान की अपील की।

रोड शो से पहले अजहरुद्दीन ने अधीर रंजन चौधरी के लंबे राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र से उनके गहरे जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि बहरमपुर के विकास और जनहित के लिए उन्हें समर्थन मिलना चाहिए।

पूर्व क्रिकेट कप्तान की एक झलक पाने के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग जुटे। कई लोग मकानों की बालकनी और छतों से हाथ हिलाकर उनका स्वागत करते नजर आए। बहरमपुर विधानसभा सीट पर 23 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का मतदान दाे चरणाें में 23 और 29 अप्रैल को हाेगा, जबकि मतगणना चार मई को होगी।

हरमपुर से पांच बार सांसद रह चुके अधीर रंजन चौधरी वर्ष 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं। करीब तीन दशक बाद वह राज्य की चुनावी राजनीति में वापसी कर रहे हैं।

अधीर रंजन चौधरी वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में इसी बहरमपुर सीट से तृणमूल कांग्रेस के यूसुफ पठान से हार गए थे। इसके बाद अब वह विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, अजहरुद्दीन का बहरमपुर दौरा कांग्रेस की ओर से अधीर रंजन चौधरी के प्रचार अभियान को नई गति देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

लोकसभा चुनाव में हार के बावजूद अधीर रंजन चौधरी अब भी मुर्शिदाबाद की राजनीति में प्रभावशाली चेहरा माने जाते हैं। वह वर्ष 1999 से बहरमपुर का संसद में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं तथा केंद्र सरकार में मंत्री और पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष भी रह चुके हैं।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story