बंगाल में बंपर मतदान पर ममता बनर्जी ने कहा - अधिकार बचाने की लड़ाई में लोग घरों से निकले

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल में बंपर मतदान पर ममता बनर्जी ने कहा - अधिकार बचाने की लड़ाई में लोग घरों से निकले


कोलकाता, 23 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में शाम पांच बजे तक लगभग 90 प्रतिशत मतदान दर्ज होने के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे जनता के अधिकारों की लड़ाई से जोड़ते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में भारी मतदान इसलिए हो रहा है क्योंकि लोग अपने अधिकार, पहचान और भविष्य की रक्षा के लिए मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे हैं।

चौरंगी क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी नयना बंद्योपाध्याय के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि जनता समझ चुकी है कि यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि अधिकार बचाने की लड़ाई है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए थे, जिनमें से लाखों नाम कानूनी लड़ाई के बाद फिर से जुड़वाए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग जानते हैं कि यदि उनके अधिकारों की रक्षा नहीं हुई तो संपत्ति, पहचान, पता और रोजगार तक पर संकट आ सकता है। इसी वजह से मतदाता बड़ी संख्या में मतदान करने निकले हैं। उन्होंने कहा कि जनता लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए मतदान कर रही है।

ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आगे चलकर राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) और परिसीमन जैसे कदमों के जरिए राजनीतिक समीकरण बदलने की कोशिश की जा सकती है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता इन मुद्दों को समझती है और इसी कारण मतदान में जबरदस्त भागीदारी दिखा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव प्रचार पर भी मुख्यमंत्री ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन किसी दल द्वारा जीत का दावा करना उचित नहीं है, क्योंकि अंतिम फैसला जनता करती है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम मतदाता तय करेंगे, न कि राजनीतिक घोषणाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता सजग है और लोकतंत्र को कमजोर करने वाली किसी भी कोशिश का जवाब मतदान के जरिए दे रही है। उन्होंने रिकॉर्ड मतदान को जनता की राजनीतिक चेतना और लोकतांत्रिक भागीदारी का प्रमाण बताया। -----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story