विपक्ष ने केवल परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, महिला आरक्षण का नहीं : मल्लिकार्जुन खरगे

WhatsApp Channel Join Now
विपक्ष ने केवल परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, महिला आरक्षण का नहीं : मल्लिकार्जुन खरगे


कोलकाता, 20 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि महिलाओं को विधानसभाओं और संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले संविधान संशोधन विधेयक को स्वयं प्रधानमंत्री ने खत्म किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने केवल परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, महिला आरक्षण का नहीं।

कूचबिहार में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि यह आप ही हैं जिन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को समाप्त किया। हमने केवल परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, महिलाओं को आरक्षण देने वाले विधेयक का नहीं।

उन्होंने प्रधानमंत्री पर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में लगातार प्रचार करने को लेकर भी तंज कसा। खरगे ने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, जो राज्य में लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं।

यह टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी के उस आरोप के जवाब में आई, जिसमें उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण लागू करने संबंधी विधेयक को विफल करने का आरोप लगाया था।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं के अधिकारों और उनके कल्याण के पक्ष में रही है। उन्होंने पार्टी के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश को सरोजिनी नायडू, इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी जैसी महिला नेता दी हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story