पश्चिम बंगाल में निर्वाचन आयोग की तैयारी पूरी, 77 केंद्राें पर हाेगी 293 सीटों की मतगणना

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम बंगाल में निर्वाचन आयोग की तैयारी पूरी, 77 केंद्राें पर हाेगी 293 सीटों की मतगणना


कोलकाता, 03 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दाे चरणाें में संपन्न हाेने के बाद अब सभी की निगाहें मतगणना पर टीकी है। वहीं, मतगणणा काे लेकर निर्वाचन आयोग ने राज्य भर के मतगणना केंद्रों की विस्तृत सूची जारी की है। आयोग के अनुसार, राज्य की 293 विधानसभा सीटों (फलता को छोड़कर) की मतगणना कुल 77 केंद्रों पर की जाएगी। इससे पहले 30 अप्रैल को आयोग ने मतगणना केंद्रों की संख्या 87 से घटाकर 77 करने का निर्णय लिया था।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने रविवार काे बताया कि किस जिले के किस केंद्र पर किन-किन विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती होगी। आयोग ने जिला-वार सभी मतगणना केंद्रों के पते भी सार्वजनिक किए हैं।

कोलकाता की 11 विधानसभा सीटों के लिए पांच मतगणना केंद्र निर्धारित किए गए हैं। उत्तर कोलकाता की सात सीटों चौरंगी, एंटाली, बेलघाटा, जोड़ासांको, श्यामपुकुर, मानिकतला और काशीपुर-बेलगाछिया की मतगणना नेताजी इंडोर स्टेडियम परिसर स्थित खुदीराम अनुशीलन केंद्र के पास होगी।

इसके अलावा, भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना सखावत मेमोरियल स्कूल में होगी। कोलकाता बंदरगाह सीट के मत सेंट थॉमस बॉयज स्कूल (डायमंड हार्बर रोड) में गिने जाएंगे। वहीं रासबिहारी सीट की मतगणना बालीगंज गवर्नमेंट हाई स्कूल तथा बालीगंज विधानसभा क्षेत्र की गिनती बाबा साहेब आंबेडकर एजुकेशन यूनिवर्सिटी (बालीगंज सर्कुलर रोड) में होगी।

दक्षिण कोलकाता के कई क्षेत्रों की मतगणना भी अलग-अलग केंद्रों पर होगी। जादवपुर के एपीसी रॉय पॉलिटेक्निक कॉलेज में भांगर, सोनारपुर उत्तर और सोनारपुर दक्षिण की गिनती होगी। अलीपुर जजेस कोर्ट परिसर स्थित बिहारीलाल कॉलेज में बेहाला पूर्व, बेहाला पश्चिम और कसबा सीटों की मतगणना होगी। वहीं हेस्टिंग्स हाउस कॉम्प्लेक्स, अलीपुर में महेशतला, मेटियाब्रुज, बजबज, जादवपुर और टालीगंज विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती की जाएगी।

जिला-वार व्यवस्था के अनुसार अलीपुरद्वार में एक, बांकोड़ा में तीन, बीरभूम में तीन, कूचबिहार में पांच, दक्षिण दिनाजपुर में दो, दार्जिलिंग में तीन, हुगली में पांच, हावड़ा में चार, जलपाईगुड़ी में दो, झाड़ग्राम में एक, कालिम्पोंग में एक, कोलकाता में पांच (उत्तर में एक और दक्षिण में चार), मालदा में दो, मुर्शिदाबाद में पांच, नदिया में चार, उत्तर 24 परगना में सात, पश्चिम बर्दवान में दो, पश्चिम मेदिनीपुर में तीन, पूर्व बर्दवान में चार, पूर्व मेदिनीपुर में चार, पुरुलिया में तीन, दक्षिण 24 परगना में छह तथा उत्तर दिनाजपुर में दो मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।

राज्य में सबसे अधिक 33 विधानसभा सीटें उत्तर 24 परगना जिले में हैं। इन सीटों की मतगणना आठ केंद्रों से की जाएगी। इनमें बारासात गवर्नमेंट कॉलेज एंड हाई स्कूल, बसीरहाट हाई स्कूल, बसीरहाट पॉलिटेक्निक कॉलेज, बिधाननगर कॉलेज, बनगांव का दीनबंधु महाविद्यालय, पानीहाटी का गुरु नानक कॉलेज परिसर और बैरकपुर का राष्ट्रगुरु सुरेंद्रनाथ कॉलेज शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Share this story