चुनाव आयोग ने मतगणना केंद्रों पर किए सुरक्षा मजबूत, लागू किया क्यूआर कोड पहचान पत्र

WhatsApp Channel Join Now
चुनाव आयोग ने मतगणना केंद्रों पर किए सुरक्षा मजबूत, लागू किया क्यूआर कोड पहचान पत्र


कोलकाता, 30 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दाे चरण में संपन्न हाेने के बाद निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने आगामी चार मई काे हाेने वाली मतगणना काे लेकर कमर कस लिया है। आयाेग ने मतगणना केंद्रों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए क्यूआर कोड आधारित फोटो पहचान पत्र प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य मतगणना केंद्रों में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश को रोकना है।

आयोग ने बताया कि यह नई व्यवस्था (ईसीआईनेट) प्रणाली के माध्यम से लागू की जाएगी। इसकी शुरुआत चार मई को होने वाली विधानसभा चुनावों की मतगणना से होगी। यह मतगणना असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुदुच्चेरी में होने वाली है। इसके साथ ही पांच राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भी यह व्यवस्था लागू रहेगी। आगे चलकर इसे लोकसभा और सभी विधानसभा चुनावों में भी लागू किया जाएगा।

आयोग सूत्रों के अनुसार, मतगणना केंद्रों पर पहचान की जांच के लिए तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। पहले और दूसरे स्तर पर रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र की मैनुअल जांच होगी। तीसरे और सबसे अंदरूनी सुरक्षा घेरे में केवल क्यूआर कोड स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। यह क्यूआर कोड आधारित पहचान पत्र उन सभी लोगों पर लागू होगा जिन्हें मतगणना केंद्र और मतगणना कक्ष में प्रवेश की अनुमति है। इनमें रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, मतगणना कर्मी, तकनीकी कर्मचारी, उम्मीदवार, चुनाव एजेंट और मतगणना एजेंट शामिल हैं।

आयोग ने यह भी कहा है कि प्रत्येक मतगणना केंद्र के पास मीडिया कर्मियों की सुविधा के लिए मीडिया केंद्र बनाया जाएगा। मीडिया प्रतिनिधियों को पहले की तरह आयोग द्वारा जारी अधिकृत पत्र के आधार पर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

सभी मुख्य निर्वाचन अधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों और रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे इस नई प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें, ताकि मतगणना प्रक्रिया पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Share this story