माफिया गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा : जी किशन रेड्डी
आसनसोल, 19 अप्रैल (हि. स.)। केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने रविवार को रानीगंज में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं में जोश भरा। स्पोर्ट्स असेंबली मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में उनका जोरदार स्वागत किया गया, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत रानीगंज विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह, दिनेश सोनी, बीएमएस के अखिल भारतीय सदस्य जयनाथ चौबे, आशा शर्मा और अपूर्व हाजरा सहित अन्य नेताओं ने उनका अभिनंदन किया। कोयला क्षेत्र को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि माफिया गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि चुनाव के बाद ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
अपने संबोधन में जी. किशन रेड्डी ने कार्यकर्ताओं को संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने का संदेश दिया और कहा कि चुनाव में जीत का आधार जमीनी स्तर पर सक्रियता होती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं और भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष की जीत सुनिश्चित करें।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानती है। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे को उठाते हुए आरोप लगाया कि संसद में लाए गए बिल को विपक्षी दलों के विरोध के कारण पारित नहीं किया जा सका। उनका कहना था कि आजादी के दशकों बाद भी विपक्ष महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखना चाहता है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार इस दिशा में गंभीरता से प्रयास कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और लक्ष्य है कि 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाया जाए। उनके अनुसार, वर्तमान नेतृत्व केवल वादे नहीं करता बल्कि उन्हें पूरा करने की दिशा में ठोस कदम भी उठाता है।
इस दौरान रानीगंज चेम्बर ऑफ कॉमर्स और ‘रानीगंज बचाओ मंच’ के प्रतिनिधियों ने भी मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़ी चिंताओं को रखा। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जी. किशन रेड्डी ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार की ओर से रानीगंज को खाली कराने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद वे पुनः रानीगंज आकर स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे और समाधान की दिशा में कदम उठाएंगे।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

