बंगाल में बोले अनुराग ठाकुर - 4 मई आएगी और ममता बनर्जी जाएंगी

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल में बोले अनुराग ठाकुर - 4 मई आएगी और ममता बनर्जी जाएंगी


कोलकाता, 15 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नजदीक आते ही राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद अनुराग ठाकुर ने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और अब सत्ता परिवर्तन तय है।

दमदम में रोड शो के दाैरान पत्रकारों से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा, “4 मई आएगी और ममता बनर्जी जाएंगी।” उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अवैध गतिविधियों को संरक्षण दे रही है और तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।

सांसद ने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार की पहचान अब बांग्लादेशी घुसपैठियों, फर्जी मुद्रा रैकेट और नकली आधार कार्ड बनाने वालों को संरक्षण देने की बन गई है। महिलाओं के खिलाफ अपराध में शामिल लोगों को भी बचाया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के लोगों के रोजगार के अवसर बाहरी लोगों को दिए जा रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार भ्रष्ट लोगों को बचाने में लगी हो तो पश्चिम बंगाल में कौन सुरक्षित है? यहां तुष्टिकरण की राजनीति हो रही है।

महिला आरक्षण विधेयक पर बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि गैस कनेक्शन, नल का जल, मुफ्त अनाज, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता जैसी योजनाओं से गरीबों और महिलाओं को बड़ा लाभ मिला है और करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने का लक्ष्य है। इस दिशा में 16 से 18 अप्रैल तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। -----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story