पहले चरण की बंपर वोटिंग से ममता सरकार का सुपड़ा साफ : अमित शाह

WhatsApp Channel Join Now
पहले चरण की बंपर वोटिंग से ममता सरकार का सुपड़ा साफ : अमित शाह


नदिया, 26 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच जिले के राणाघाट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि पहले चरण में हुई बंपर वोटिंग से राज्य में बदलाव का संकेत मिल गया है। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान से ही ममता बनर्जी सरकार का सुपड़ा साफ होता दिखाई दे रहा है और 151 सीटों में से लगभग 110 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भारी बहुमत से जीत की ओर बढ़ रही है।

अमित शाह ने कहा कि दूसरे चरण का मतदान बाकी काम पूरा कर देगा और राज्य में भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ हो जाएगा।

सभा में मौजूद मां-बहनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं के खातों में हर महीने तीन हजार रुपये भेजने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को भी तीन हजार रुपये की सहायता उनके खातों में दी जाएगी।

अमित शाह ने कहा कि सरकारी बसों में मां-बहनों को कोई टिकट नहीं लेना होगा और वे मुफ्त में सफर कर सकेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्नातक करने वाली बच्चियों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। साथ ही जो बेरोजगार युवा फैक्ट्री लगाना चाहते हैं, उन्हें 15 लाख रुपये का लोन देने की व्यवस्था भाजपा सरकार करेगी।

केंद्रीय गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने पूरे बंगाल में घुसपैठियों को रखा है और राज्य को घुसपैठिया मुक्त बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यही घुसपैठिए लोगों की नौकरियां छीन रहे हैं और लोगों को गरीब बना रहे हैं।

उन्हाेंने कहा कि ममता बनर्जी उन्हें लेकर नाराज रहती हैं और पूछती हैं कि इतने सारे घुसपैठियों के नाम क्यों निकल रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि अभी तो सिर्फ नाम निकला है, पांच तारीख को सरकार बना दीजिए, भाजपा एक-एक को चुन-चुनकर बाहर करने का काम करेगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यह भी आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने षड्यंत्र कर मतुआ समाज के कुछ लोगों के नाम मतदाता सूची से कटवा दिए हैं। शाह ने कहा कि पांच तारीख को भाजपा की सरकार बनने पर सभी पात्र लोगों का नाम फिर से जोड़ने का काम किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Share this story