घाटाल मास्टर प्लान पर अमित शाह का निशाना, बोले - सत्ता में आए तो एक साल में समाधान

WhatsApp Channel Join Now
घाटाल मास्टर प्लान पर अमित शाह का निशाना, बोले - सत्ता में आए तो एक साल में समाधान


कोलकाता, 10 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने शुक्रवार को पश्चिम मेदिनीपुर के डेबरा में जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने घाटाल मास्टर प्लान को “जंजाल” में बदल दिया है।

अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस परियोजना के लिए 1500 करोड़ भेजे थे। इसमें 60 प्रतिशत राशि केंद्र देने को तैयार था, लेकिन राज्य सरकार ने योजना को सही ढंग से लागू नहीं किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो एक वर्ष के भीतर घाटाल की जलनिकासी समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।

सभा के दौरान अमित शाह ने घुसपैठ के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में अनधिकृत घुसपैठ हुई है, जिससे यह पहचानना मुश्किल हो गया है कि कौन भारतीय है और कौन नहीं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने पर सख्त सीमा सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे “परिंदा भी घुसपैठ नहीं कर पाएगा।”

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए शाह ने आरोप लगाया कि उनका उद्देश्य अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य राज्य के युवाओं को रोजगार देना है।

जनसभा में भाजपा के वादों का भी उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि सरकार बनने पर बेरोजगारों और अन्य लाभार्थियों को हर महीने तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल का गठन और राज्य में बड़े शैक्षणिक संस्थान स्थापित करने का भी वादा किया गया।

अमित शाह ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार के 15 वर्षों के शासन को “दुःस्वप्न” करार देते हुए कहा कि भाजपा राज्य में विकास, पारदर्शिता और सुरक्षा का नया दौर शुरू करेगी। ------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story