अगले महीने अंग, बंग और कलिंग में होंगी भाजपा की सरकारें : अमित शाह

WhatsApp Channel Join Now
अगले महीने अंग, बंग और कलिंग में होंगी भाजपा की सरकारें : अमित शाह


कोलकाता, 24 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कोलकाता में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि अगले महीने अंग (बिहार), बंग (बंगाल) और कलिंग (ओडिशा) तीनों क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकारें होंगी। उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत में भाजपा का विस्तार तेजी से हो रहा है और पश्चिम बंगाल में जनता इस बार परिवर्तन का मन बना चुकी है।

अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में जनता ने भारी उत्साह के साथ मतदान किया है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हुआ और भाजपा इनमें से 110 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। शाह ने कहा कि मतदान प्रतिशत ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और यह साफ संकेत है कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है।

उन्होंने कहा कि पहले चरण में 92 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ, जो इस बात का प्रमाण है कि लोग लोकतांत्रिक तरीके से परिवर्तन लाना चाहते हैं। शाह ने कहा कि जनता ने भय और हिंसा की राजनीति को नकारते हुए बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचकर अपना मताधिकार प्रयोग किया।

तृणमूल कांग्रेस सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार की विदाई तय है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार को संस्थागत रूप दिया गया है और पिछले कई वर्षों में हजारों करोड़ के घोटाले हुए हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती घोटाला, शिक्षक नियुक्ति प्रकरण, नगर निकाय अनियमितताएं और विभिन्न योजनाओं में भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है।

शाह ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर तृणमूल शासनकाल के भ्रष्टाचार पर श्वेत पत्र जारी किया जाएगा। साथ ही सेवानिवृत्त उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में सभी मामलों की जांच कराई जाएगी, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिल सके।

महिला सुरक्षा को सबसे बड़ी प्राथमिकता बताते हुए शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल की महिलाओं में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी कि महिलाएं रात में भी निर्भय होकर बाहर निकल सकें।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की महिलाएं इस चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएंगी और तृणमूल कांग्रेस को जवाब देंगी। शाह ने महिला आरक्षण के मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

अमित शाह ने कहा कि राज्य में सिंडिकेट राज, कट मनी और भतीजा कर जैसी व्यवस्थाओं ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी भी निर्माण कार्य, व्यापार, नौकरी या सरकारी सुविधा में दलाली और दबाव की राजनीति चल रही है। भाजपा सरकार बनने पर इन व्यवस्थाओं को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा।

भूमि अतिक्रमण के मुद्दे पर शाह ने कहा कि राज्य में वर्षों से हजारों हेक्टेयर जमीन पर अवैध कब्जे हुए हैं। भाजपा सरकार ऐसे कब्जों को हटाकर विकास, उद्योग, आवास और बुनियादी ढांचे के कार्यों में जमीन का उपयोग करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल में जन्मे और बंगाली भाषा बोलने वाले नेता को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस जनता को भ्रमित करने के लिए बाहरी लोगों के शासन की अफवाह फैला रही है, जबकि भाजपा बंगाल की मिट्टी और संस्कृति का सम्मान करती है।

अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्वी भारत के संतुलित विकास के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार चाहती है कि देश के पश्चिमी हिस्से की तरह पूर्वी भारत भी तेज गति से आगे बढ़े। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर यह सपना और तेजी से साकार होगा।

उन्होंने मतदाताओं से दूसरे चरण के मतदान में भी बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल विधायक, मुख्यमंत्री या सरकार बदलने का चुनाव नहीं है, बल्कि पश्चिम बंगाल को घुसपैठ, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण, लालफीताशाही और बेरोजगारी से मुक्त कराने का अवसर है।

सभा के अंत में अमित शाह ने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल में इस बार जनता परिवर्तन के पक्ष में मतदान करेगी और राज्य में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story