पश्चिम बंगाल में छिटपुट हिंसा के बीच दोपहर 03 बजे तक 78.68 प्रतिशत मतदान

WhatsApp Channel Join Now

कोलकाता, 29 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण का मतदान बुधवार को जारी है। दाेपहर 03 बजे तक राज्य में कुल 78.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव में तृणमूल कांग्रेस का मुकाबला भाजपा, वामपंथी दलों और कांग्रेस से है। आज जिन 07 जिलों की 142 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से साल 2021 में तृणमूल कांग्रेस ने 123 सीटें जीती थीं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, दाेपहर 03 बजे तक जिलों में मतदान का प्रतिशत अलग-अलग रहा। हुगली जिले में 80.77 प्रतिशत, हावड़ा में 77.73 प्रतिशत, उत्तर कोलकाता में 78.00 प्रतिशत और दक्षिण कोलकाता में 75.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नदिया जिले में 79.79 प्रतिशत, उत्तर 24 परगना में 77.39 प्रतिशत, पूर्व बर्धमान में 83.11 प्रतिशत तथा दक्षिण 24 परगना में 76.75 प्रतिशत मतदान हुआ है।

राज्य के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाता सुबह से ही कतारों में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सुबह 07 बजे शुरु हुए मतदान के बीच राज्यभर में 11 बजे तक 39.97 प्रतिशत तथा दोपहर 01 बजे तक 61.11 प्रतिशत मतदान हुआ था।

इसी बीच कुछ स्थानों पर तनाव और झड़प की खबरें भी सामने आई हैं। राज्य के बाली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत लिलुआ इलाके में बुधवार को मतदान के दौरान उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब डॉन बॉस्को लिलुआ सोहनलाल विद्यालय में स्थित एक मतदान केंद्र पर ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आ गई। ईवीएम में गड़बड़ी के कारण मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई, जिससे कतार में खड़े मतदाताओं में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई और भीड़ ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिससे कुछ समय के लिए वहां अफरातफरी मच गई। इस घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वहीं, बारासात, हाबरा, कल्याणी और शांतिपुर समेत कई इलाकों में ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदान देर से शुरू हुआ, जिससे मतदाताओं को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा। दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ विधानसभा क्षेत्र के प्राणगंज इलाके के रघुनाथपुर में मतदान के दौरान आईएसएफ विधायक और नेता नौशाद सिद्दीकी के वहां पहुंचने से भारी तनाव फैल गया। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद केंद्रीय बल और राज्य पुलिस ने मोर्चा संभाला। भीड़ को नियंत्रित करने और हालात काबू में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठीचार्ज के बाद भी कुछ देर तक इलाके में अफरातफरी और तनाव का माहौल बना रहा।

चापड़ा में एक बूथ पर भाजपा एजेंट के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया है, वहीं भांगड़ क्षेत्र में रात के समय राजनीतिक दलों के बीच टकराव की घटना के बाद सुबह स्थिति शांत बताई जा रही है।

चुनाव आयोग ने मतदान के दाैरान किसी भी हिंसा से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। साथ ही किसी भी शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर भी जारी किया है। कुछ केंद्रों पर तकनीकी और स्थानीय समस्याएं देखी गई, लेकिन कई मतदान शांतिपूर्ण जारी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश

Share this story