पश्चिम बंगाल विधानसभा भवन गेरुआ रोशनी से सजा, बदला राजधानी का रंगरूप

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम बंगाल विधानसभा भवन गेरुआ रोशनी से सजा, बदला राजधानी का रंगरूप


कोलकाता, 12 मई (हि.स.)। राज्य सचिवालय नवान्न और राइटर्स बिल्डिंग के बाद नए विधायकों के शपथ ग्रहण के लिए पश्चिम बंगाल विधानसभा को विशेष विधानसभा सत्र से पहले गेरुआ रंग की रोशनी से सजाया गया है। बुधवार से शुरू हो रहे विशेष सत्र के मद्देनजर विधानसभा भवन और उसके आसपास के इलाके में नई सजावट की गई है।

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद राजधानी कोलकाता और गंगा किनारे बसे हावड़ा शहर का रंगरूप तेजी से बदलता नजर आ रहा है। लंबे समय तक दिखाई देने वाले नीले-सफेद रंग की जगह अब कई सरकारी परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर गेरुआ-सफेद रंग का इस्तेमाल किया जा रहा है।

इससे पहले नवान्न और महाकरण को भी गेरुआ रोशनी से सजाया गया था। अब विधानसभा भवन को भी उसी तर्ज पर सजाया गया है।

विधानसभा परिसर के आसपास की रेलिंग, सड़क किनारे लगे गार्डरेल और पुलिस कियोस्क को भी गेरुआ और सफेद रंग से रंगा गया है। यही बदलाव नवान्न और महाकरण के आसपास के क्षेत्रों में भी देखने को मिला है।

उल्लेखनीय है कि बुधवार और गुरुवार को नव-निर्वाचित विधायक प्रोटेम स्पीकर तापस राय के समक्ष शपथ लेंगे। इसके बाद शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा। इसी विशेष सत्र को ध्यान में रखते हुए विधानसभा भवन में नई रोशनीसज्जा की गई है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story