आमता बम विस्फोट मामले में तीन ठिकानों पर एनआईए की छापेमारी, दो मुख्य आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
आमता बम विस्फोट मामले में तीन ठिकानों पर एनआईए की छापेमारी, दो मुख्य आरोपित गिरफ्तार


कोलकाता, 24 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा ग्रामीण जिले के आमता क्षेत्र में वर्ष 2022 में हुए बम विस्फोट मामले में दो मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस विस्फोट में बम बनाने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।

एनआईए ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि मंगलवार रात आमता क्षेत्र के रहने वाले असफार मिद्या और एंताजुल मिद्या को गिरफ्तार किया। इससे पहले जांच एजेंसी ने आरोपितों के संदिग्ध ठिकानों पर तीन स्थानों पर छापेमारी की थी।

जांच एजेंसी के अनुसार, दोनों आरोपित इस मामले के मुख्य आरोपित हैं। उनके निर्देश पर आमता थाना क्षेत्र के चंद्रपुर बाजार के निकट 23 फरवरी 2022 को अवैध रूप से देसी बम तैयार किए जा रहे थे।

बम बनाने के दौरान कुछ विस्फोटक सामग्री में धमाका हो गया था। घटना में जहाधर मोल्ला, मोहब्बत मोल्ला, मोइनुर रहमान और शेख महाराम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में शेख महाराम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।

एनआईए ने अप्रैल, 2024 में पुलिस से इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। जांच में सामने आया कि असफार मिद्या और एंताजुल मिद्या बम निर्माण की पूरी गतिविधि को नियंत्रित कर रहे थे। जांच एजेंसी के मुताबिक, इन बमों का इस्तेमाल इलाके के लोगों को डराने और आतंकित करने के उद्देश्य से किया जाना था।

इस मामले में पहले ही चार आरोपितों को गिरफ्तार कर आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण के दिल्ली स्थित मामले संख्या आरसी-08-2024 के तहत जांच अभी जारी है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story