अभिनेता राहुल बनर्जी की मौत मामले में बयान दर्ज, ओडिशा से मांगी गई वीडियो फुटेज
कोलकाता, 30 मार्च (हि. स.)। बंगाल पुलिस ने अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की डूबने से हुई मौत के मामले में सोमवार को प्रत्यक्षदर्शियों और घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस के अनुसार, अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
सोमवार को कांथी अस्पताल में अभिनेता के शव का पोस्टमार्टम किया गया। उस समय उनका पार्थिव शरीर दीघा शवगृह में रखा गया था। पूर्व मेदिनीपुर जिला पुलिस के जांच अधिकारियों ने इस घटना से संबंधित वीडियो फुटेज भी ओडिशा पुलिस से प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके अलावा घटना की पूरी श्रृंखला समझने के लिए घटनास्थल पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए हैं।
पूर्व मेदिनीपुर के पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा ने बताया कि ओडिशा पुलिस से महत्वपूर्ण वीडियो क्लिप हासिल करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान राहुल के अंतिम क्षणों तथा घटना से जुड़े वीडियो ओडिशा पुलिस के पास मौजूद हैं, जिन्हें जांच के हित में सार्वजनिक नहीं किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर इन्हें आधिकारिक रूप से लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, अभिनेता के परिजनाें में उनके मामा और कुछ करीबी मित्र शामिल हैं जाे तमलुक पहुंचे और वहां से पार्थिव शरीर को कोलकाता लाए।
उल्लेखनीय है कि, 43 वर्ष के राहुल अरुणोदय बनर्जी बंगाली सांस्कृतिक जगत का एक चर्चित नाम थे। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 2000 में फिल्म चाका से की थी और चिरोदिनी तुमी जे आमार से उन्हें व्यापक पहचान मिली। उनकी अन्य प्रमुख फिल्मों में आबार आसबो फिरे, जैकपॉट, जुल्फिकार, बिदाय ब्योमकेश, ब्योमकेश गोत्रो, मेघे ढाका तारा और सत्ती बोले सत्ती किछु नेई शामिल हैं। हाल ही में वह वेब श्रृंखला ठाकुरमार झुली में भी नजर आए थे।
पुलिस सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है ताकि अभिनेता की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। -----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

