वेव्स डॉक बाजार के लिए 12 डॉक्यूमेंट्री परियोजनाओं का चयन, तीन को मिलेगा 3 लाख का अनुदान

WhatsApp Channel Join Now
वेव्स डॉक बाजार के लिए 12 डॉक्यूमेंट्री परियोजनाओं का चयन, तीन को मिलेगा 3 लाख का अनुदान


नई दिल्ली, 14 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) ने 19वें मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले वेव्स डॉक बाजार के दूसरे संस्करण के लिए 12 चयनित डॉक्यूमेंट्री परियोजनाओं की घोषणा की है। यह आयोजन 16 से 18 जून तक मुंबई में होगा, जिसमें डॉक्यूमेंट्री, लघु फिल्म और एनीमेशन क्षेत्र से जुड़े फिल्मकार, निर्माता, वितरक, प्रसारक और उद्योग विशेषज्ञ भाग लेंगे। इस नई पहल के तहत वेव्स डॉक बाजार 2026 में शामिल तीन सर्वश्रेष्ठ परियोजनाओं को 3 लाख रुपए की नकद अनुदान राशि देने की घोषणा की है। यह अनुदान उन परियोजनाओं को दिया जाएगा जो अपनी रचनात्मकता, प्रभावशाली कहानी, कलात्मक गुणवत्ता और वैश्विक दर्शकों तक पहुंचने की क्षमता का प्रदर्शन करेंगी।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने रविवार को जारी जानकारी में बताया वेव्स डॉक बाजार रिकमेंड कार्यक्रम के लिए इस बार 19 देशों और 35 भाषाओं से 155 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 परियोजनाओं का चयन किया गया है। इनमें चार परियोजनाओं को वर्क-इन-प्रोग्रेस लैब के लिए चुना गया है, जहां फिल्मकार अपनी फिल्मों के रफ कट अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत कर मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।

वहीं, आठ परियोजनाओं को वेव्स डॉक बाजार के लाइन-अप में शामिल किया गया है। ये फिल्में पूर्ण हो चुकी हैं या पोस्ट-प्रोडक्शन के अंतिम चरण में हैं और इनके लिए बिक्री, वितरण तथा प्रदर्शन के अवसर तलाशे जाएंगे।

सभी चयनित 12 परियोजनाएं 16 जून को आयोजित ओपन पिच सत्र में खरीदारों, वितरकों, प्रसारकों, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म और फिल्म महोत्सव प्रतिनिधियों के सामने अपनी परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण करेंगी। आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण ‘व्यूइंग रूम’ भी होगा, जहां सभी 155 परियोजनाओं को डिजिटल लाइब्रेरी के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story