उपराष्ट्रपति सिक्किम राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे
नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 16 मई (शनिवार) को सिक्किम के राज्य स्थापना दिवस समारोह में सम्मिलित होने के लिए गंगटोक जाएंगे। उप राष्ट्रपति का पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनकी राज्य में पहली यात्रा होगी।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 16 मई को सिक्किम स्थापना दिवस मनाया जाता है। यह दिन उस ऐतिहासिक घटना की याद दिलाता है जब सिक्किम भारत का 22वां राज्य बना था। यह दिन न केवल एक राजनीतिक परिवर्तन का प्रतीक है बल्कि यह सिक्किम की संस्कृति, विरासत और एकता का उत्सव भी है। भारत की आज़ादी के बाद सिक्किम एक स्वतंत्र राजशाही राज्य रहा। 1947 में भारत की स्वतंत्रता के बाद सिक्किम ने भारत के साथ एक विशेष संधि की, जिसके तहत यह एक संरक्षित राज्य बना। यह स्थिति 1975 तक बनी रही।
भारत का सबसे छोटा राज्य सिक्किम अपने मठों की संख्या के लिए प्रसिद्ध है, क्योंकि यहां 200 से अधिक मठ स्थित हैं। सिक्किम की संस्कृति में हिंदू धर्म और बौद्ध धर्म का अनूठा संगम देखने को मिलता है, जो तीन अलग-अलग समुदायों लेपचा, भूटिया तथा नेपाल की परंपराओं, मान्यताओं और रीति-रिवाजों के मिश्रण से बनी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

