उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी को दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी को दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को देहरादून पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री बीसी खंडूरी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

उपराष्ट्रपति ने दिवंगत नेता को याद करते हुए कहा कि मेजर जनरल बीसी खंडूरी एक असाधारण नेता, विशिष्ट सैनिक और अनुभवी प्रशासक थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र और जनता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि देश में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और कनेक्टिविटी सुधारने में खंडूरी का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उपराष्ट्रपति के अनुसार, उनकी कार्यशैली, ईमानदारी और विकासोन्मुख सोच देश के विकास पथ पर एक अमिट विरासत के रूप में बनी रहेगी।

उल्लेखनीय है कि मेजर जनरल बीसी खंडूरी का मंगलवार सुबह देहरादून में निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर है।

बीसी खंडूरी भारतीय सेना में मेजर जनरल के पद पर सेवाएं देने के बाद राजनीति में आए थे और उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी साफ-सुथरी छवि और प्रशासनिक क्षमता के लिए उन्हें व्यापक सम्मान प्राप्त था।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story