उपराष्ट्रपति ने नशामुक्त परिसर अभियान के तहत दिल्ली विवि के प्रयासों की सराहना की

WhatsApp Channel Join Now
उपराष्ट्रपति ने नशामुक्त परिसर अभियान के तहत दिल्ली विवि के प्रयासों की सराहना की


नई दिल्ली, 18 जून (हि.स.)। उपराष्ट्रपति और दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सीपी राधाकृष्णन ने नशामुक्त अभियान परिसर के तहत दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा की गई महत्वपूर्ण प्रगति की सराहना की।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर इस वर्ष की शुरुआत में विश्वविद्यालय में नशामुक्त परिसर अभियान और ई-प्रतिज्ञा मंच के शुभारंभ को याद करते हुए छात्रों से नशामुक्त भारत के राजदूत बनने और मादक द्रव्यों के दुरुपयोग के खतरे के खिलाफ खड़े होने की अपील की।

उपराष्ट्रपति ने अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से 53,000 से अधिक छात्रों ने अनिवार्य शपथ ली है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल एक स्वस्थ, मजबूत और अधिक समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देती है।

उपराष्ट्रपति ने देशभर के विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से इस प्रयास में शामिल होने और अपने छात्रों को अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नशामुक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयास और युवाओं में निरंतर जागरूकता आवश्यक है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि आज सभी को संकल्प लेना चाहिए कि नशामुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों से खुद भी दूर रहेंगे और सभी को इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने सभी को मादक पदार्थों से सतर्क रहने, दोस्तों को इससे उबारने और मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ आवाज उठाकर उदाहरण प्रस्तुत करने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने 13 जनवरी को दिल्ली विश्वविद्यालय में नशामुक्त परिसर अभियान आरम्भ किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने नशा मुक्ति को समर्पित ई-संकल्प मंच और मोबाइल एप्लिकेशन का भी शुभारंभ किया और देश के सभी विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों से भाग लेने और नशा मुक्त परिसर का संकल्प लेने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story