अभिनेता विवेक ओबेरॉय और मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा उज्जैन पहुंचकर महाकाल के दर्शन किए

WhatsApp Channel Join Now
अभिनेता विवेक ओबेरॉय और मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा उज्जैन पहुंचकर महाकाल के दर्शन किए


अभिनेता विवेक ओबेरॉय और मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा उज्जैन पहुंचकर महाकाल के दर्शन किए


- अभिनेता ने फिल्म 'रामायण' के लिए फीस नहीं लेने की बताई वजह

उज्जैन, 25 नवम्बर (हि.स.)। फिल्म अभिनेता विवेक ओबेरॉय और मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा बुधवार को बाबा महाकाल के दर्शन करने मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचे। दोनों ने दोपहर करीब 12 बजे जलद्वार से मंदिर में प्रवेश किया। गर्भगृह के बाहर से दर्शन करने के बाद नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया और बाबा का आशीर्वाद लिया। अभिनेता ने अपनी फिल्म 'रामायण' के लिए फीस नहीं लेने और यह राशि गरीब बच्चों को दान करने के फैसले की वजह भी बताई।

दर्शन के बाद विवेक ओबेरॉय और डॉ. विवेक बिंद्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने महाकाल से प्रार्थना की है कि वे उन्हें इतना सक्षम बनाएं कि अच्छे कामों के लिए निमित्त और माध्यम बन सकें। उन्होंने कहा कि बाबा के कार्यों को पूरा करने और जनसेवा का अवसर मिले, यही कामना है। उज्जैन और पूरे मध्य प्रदेश में विकास के कई काम हो रहे हैं। इनमें उनका भी छोटा-सा योगदान हो सके, ऐसी इच्छा है। इसके साथ ही उन्होंने परिवार की खुशहाली और सभी के स्वस्थ रहने की प्रार्थना भी की।

‘रामजी की फिल्म में पैसे नहीं लेने चाहिए’

फिल्म 'रामायण' की फीस गरीब बच्चों को दान करने के फैसले पर विवेक ओबेरॉय ने कहा कि इस बारे में ज्यादा कुछ कहना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि किए गए काम का खुद बखान करना अच्छी बात नहीं है। उन्होंने बताया कि उनके मन में बस यही विचार आया कि जब फिल्म रामजी की है तो इसके लिए पैसे नहीं लेने चाहिए। इस दौरान उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि विवेक ओबेरॉय पिछले 25 वर्षों से दान और सेवा के कार्यों से जुड़े हैं। उन्होंने वृंदावन में कई बच्चों को गोद भी लिया है।

डॉ. विवेक बिंद्रा ने युवाओं को बताया सफलता का मंत्र

मोटिवेशनल स्पीकर और बिजनेस कोच डॉ. विवेक बिंद्रा ने युवाओं को सफलता के लिए पांच बातों का ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को ऐसा काम चुनना चाहिए, जिसे वह जानता हो, जिसे करने में उसकी रुचि हो और जिसकी बाजार में मांग भी हो। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अपने चुने हुए काम को श्रद्धा के साथ और महाकाल को मन में रखकर करता है तो उसे इतनी सफलता और धन मिलता है कि उसे संभालना भी मुश्किल हो सकता है। डॉ. बिंद्रा ने मध्य प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे भी इसमें अपना योगदान देने का प्रयास कर रहे हैं। महाकाल के दर्शन को बड़ी बात बताते हुए उन्होंने कहा, ‘जिसका काल बदलना हो, वही महाकाल पहुंच सकता है।’

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story