विशाखापत्तनम स्टील प्लांट हादसा : जगन मोहन रेड्डी ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
विशाखापत्तनम स्टील प्लांट हादसा : जगन मोहन रेड्डी ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग


हैदराबाद, 08 जून (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआरसीपी अध्यक्ष वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी ने विजाग स्टील प्लांट में सोमवार को हुए भीषण हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने घटना की व्यापक जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई पर जोर दिया है।

सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान

जगन मोहन रेड्डी ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रमिकों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों और एहतियाती उपायों को लागू करने में कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद के निर्देश

वाईएसआरसीपी प्रमुख ने विशाखापत्तनम में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे प्रभावित परिवारों तक पहुंचें, उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करें। साथ ही, उन्होंने घायलों के उपचार की निगरानी करने और पीड़ितों के परिवारों को ढांढस बंधाने के लिए कहा है।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के सार्वजनिक लोक उपक्रम राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड द्वारा संचालित विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में सोमवार को हुए हादसे के दौरान कम से कम आठ श्रमिकों की मौत हो गई और छह से ज्यादा बुरी तरह झुलस गए हैं।

औद्योगिक क्षेत्र में यह पहली बड़ी त्रासदी नहीं है। जून 2012 में इसी तरह की एक भयावह घटना में 16 श्रमिकों की जान चली गई थी। यह हादसा तब हुआ था, जब स्टील मेल्टिंग शॉप नंबर 3 में एक नए ऑक्सीजन प्लांट का ट्रायल रन (परीक्षण) किया जा रहा था, तभी अचानक उसमें जोरदार विस्फोट हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Share this story