राजपथ' से 'कर्तव्यपथ' तक की यात्रा सेवा और समर्पण का प्रतीक: वीरेंद्र सचदेवा

WhatsApp Channel Join Now
राजपथ' से 'कर्तव्यपथ' तक की यात्रा सेवा और समर्पण का प्रतीक: वीरेंद्र सचदेवा


नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में 8931 दिन पूरे होने पर उन्हें बधाई देते हुए उनके कार्यकाल को भारतीय राजनीति का एक स्वर्णिम अध्याय बताया है।

सचदेवा ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रशासन प्रमुख के रूप में एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है, जो देश के इतिहास में अद्वितीय है।

प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री की राजनीतिक यात्रा को रेखांकित करते हुए कहा है कि चार बार गुजरात से विधायक एवं तीन बार उत्तर प्रदेश से लोकसभा सांसद चुने जा कर मोदी ने लोकप्रियता की एक अनूठी मिसाल स्थापित की है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि 24 फरवरी 2002 को पहली बार विधायक चुने से आज 22 मार्च 2026 तक की 8931की जन सेवा यात्रा में नरेन्द्र मोदी ने पहले गुजरात राज्य को फिर 2014 से पूरे देश को अपने अनुकरणीय विज़न से एक अद्भुत अनूठे विकास मार्ग से जोड़ा है।

वीरेंद्र सचदेवा ने मोदी सरकार द्वारा किए गए प्रतीकात्मक और वैचारिक बदलावों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने केवल बुनियादी ढांचा ही नहीं बदला बल्कि देश की सोच भी बदली है।

सचदेवा के अनुसार इस लंबी विकास यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने न केवल भारत को एक स्वावलंबी और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाया है बल्कि उनकी वैश्विक छवि के कारण आज भारत पूरी दुनिया को नेतृत्व देने की क्षमता रखता है।

उन्होंने कहा कि आज का दिन भारत के प्रशासनिक इतिहास में एक मील का पत्थर है जो 'अंत्योदय' और 'सबका साथ, सबका विकास' के संकल्प को सिद्ध करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story