केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने जीवन ऐप, शतायु डैशबोर्ड का शुभारंभ किया

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने जीवन ऐप, शतायु डैशबोर्ड का शुभारंभ किया


नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार शुक्रवार को विशेष रूप से जीवन ऐप और शतायु देखभालकर्ता डैशबोर्ड का शुभारंभ किया।

मंत्रालय के अनुसार जीवन संयुक्त बुजुर्ग सशक्तिकरण एवं आभासी सहायता नेटवर्क ऐप है और शतायु वरिष्ठ नागरिकों के लिए समग्र देखभाल सहायता एवं प्रशिक्षण जराचिकित्सा देखभालकर्ता डैशबोर्ड है। इस कार्यक्रम का विषय सुचारू रूप से कार्य करने वाली देखभाल अर्थव्यवस्था का सृजन पर आधारित था। इसका मुख्य आकर्षण वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए डिजिटल पहलों की शुरुआत है। इस दौरान, मंत्री ने देश के बुजुर्गों के लिए देखभाल व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और सुलभ बनाने के उद्देश्य से मंत्रालय की आगामी पहलों और रूपरेखा को साझा किय़ा।

जीवन ऐप वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं और चिंताओं को दूर करने के उद्देश्य से कई सुविधाएं प्रदान करता है। इसमें सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी, आपातकालीन सहायता, समर्थन सेवाएं और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से समर्थित वरिष्ठ नागरिक आवासों का विवरण शामिल है। इस प्लेटफॉर्म को उपयोगकर्ता के अनुकूल इंटरफेस, सरल नेविगेशन और सुलभता सुविधाओं के साथ डिज़ाइन किया गया है। एक अन्य एप्लिकेशन, शतायु नामक डैशबोर्ड वरिष्ठ नागरिकों के लिए किसी विशेष जिले और राज्य में वृद्धावस्था देखभालकर्ताओं की उपलब्धता जैसी जानकारी प्रदान करता है।

मंत्रालय के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य भारत की बढ़ती बुजुर्ग आबादी की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रौद्योगिकी और सामुदायिक भागीदारी का लाभ उठाते हुए देखभाल सेवाओं के लिए एक व्यापक ढांचा विकसित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story