केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार शुक्रवार को जीवन ऐप, केयरगिवर डैशबोर्ड का शुभारंभ करेंगे

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार शुक्रवार को जीवन ऐप, केयरगिवर डैशबोर्ड का शुभारंभ करेंगे


नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार शुक्रवार को विशेष रूप से जीवन ऐप और केयरगिवर डैशबोर्ड का शुभारंभ करेंगे।

मंत्रालय के अनुसार इस कार्यक्रम का विषय सुचारू रूप से कार्य करने वाली देखभाल अर्थव्यवस्था का सृजन पर आधारित होगा। इसका मुख्य आकर्षण वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए डिजिटल पहलों की शुरुआत है। इस दौरान वे देश के बुजुर्गों के लिए देखभाल व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और सुलभ बनाने के उद्देश्य से मंत्रालय की आगामी पहलों और रूपरेखा को साझा करेंगे।

इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री बीएल वर्मा और रामदास अठावले, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सचिव सुधांश पंत और संयुक्त सचिव (वरिष्ठ नागरिक) सहित अन्य लोग मौजूद रहेंगे।

मंत्रालय ने इस वर्चुअल आयोजन में गहन मंथन के लिए चार प्रमुख विषयगत क्षेत्रों की पहचान की है। इसके लिए विशेष वर्चुअल चर्चा कक्ष तैयार किए गए हैं, जहां मॉडरेटर, पैनलिस्ट और वक्ता कई बिंदुओं पर विचार-विमर्श करेंगे। इनमें प्रमुख नीतिगत मुद्दे और चुनौतियां, कार्यान्वयन में आ रही कमियां, नई और उभरती हुई पहलें तथा सर्वोत्तम प्रथाएं और समयबद्ध कार्ययोजना शामिल है।

मंत्रालय के अनुसार इस पहल का उद्देश्य भारत की बढ़ती बुजुर्ग आबादी की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रौद्योगिकी और सामुदायिक भागीदारी का लाभ उठाते हुए देखभाल सेवाओं के लिए एक व्यापक ढांचा विकसित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story