अक्षय तृतीया पर विराट और अनुष्का ने लिया संत प्रेमानंद का आशीर्वाद

WhatsApp Channel Join Now
अक्षय तृतीया पर विराट और अनुष्का ने लिया संत प्रेमानंद का आशीर्वाद


मथुरा, 20 अप्रैल(हि.स.)। वृंदावन में सोमवार सुबह भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली अपनी अभिनेत्री पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ विश्व प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने पहुंचे। अक्षय तृतीया पर विराट और अनुष्का साधारण वेशभूषा और सादगी भरे अंदाज में नजर आए। किसी वीआईपी तामझाम से दूर आम श्रद्धालुओं की तरह जमीन पर बैठकर करीब एक घंटे संत प्रेमानंद के प्रवचनों का लाभ लिया। इस दौरान दोनों ने एकांतिक भेंट के समय उनका आशीर्वाद लिया और विभिन्न आध्यात्मिक विषयों पर गहन चर्चा की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।साेमवार सुबह मुलाकात के दौरान संत प्रेमानंद महाराज ने भक्ति, साधना और जीवन के कर्तव्य मार्ग पर विस्तार से अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में आध्यात्मिकता को अपनाते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए और हर परिस्थिति में ईश्वर पर पूर्ण विश्वास बनाए रखना चाहिए। संत प्रेमानंद ने अक्षय तृतीया के महत्व को भी समझाया। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है। बल्कि आत्मशुद्धि और सकारात्मक संकल्प लेने का भी अवसर है। इस दिन व्यक्ति को अपने विचारों और आचरण को पवित्र बनाने का प्रयास करना चाहिए।प्रेमानंद महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि अक्षय तृतीया के दिन सबसे पहले दूसरों की निंदा से बचना चाहिए। उन्होंने बताया कि यदि कोई श्रद्धालु यमुना नदी के किनारे बैठकर श्रद्धा और प्रेम के साथ ‘राधा’ नाम का जाप करता है तो उसका प्रत्येक दिन शुभ और मंगलमय बन सकता है। सत्संग के दौरान विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने आम श्रद्धालुओं के साथ संत प्रेमानंद जी के के प्रवचनों को ध्यानपूर्वक सुना। फिर कुछ देर आश्रम में सेवा भाव से कार्य किया। वृंदावन में इस मुलाकात ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि व्यस्त जीवन और प्रसिद्धि के बावजूद आध्यात्मिकता से जुड़ाव व्यक्ति को आंतरिक शांति और संतुलन प्रदान करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story