यूपी दौरे से पहले विनोद तावड़े का सख्त निर्देश, स्वागत में बैनर-पोस्टर और रोड शो पर रोक

WhatsApp Channel Join Now
यूपी दौरे से पहले विनोद तावड़े का सख्त निर्देश, स्वागत में बैनर-पोस्टर और रोड शो पर रोक


नई दिल्ली, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रभारी बनाए जाने के बाद विनोद तावड़े पांच सितंबर को पहली बार लखनऊ पहुंचेंगे। अपने पहले यूपी दौरे को लेकर तावड़े ने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने स्पष्ट कहा है कि उनके स्वागत में किसी भी तरह के बैनर, पोस्टर या होर्डिंग नहीं लगाए जाएं।

तावड़े ने यह भी निर्देश दिया है कि उनके स्वागत के लिए कोई रोड शो आयोजित न किया जाए। उनका कहना है कि पार्टी कार्यकर्ताओं के स्वागत कार्यक्रम की वजह से आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, लखनऊ पहुंचते ही विनोद तावड़े संगठन की एक अहम बैठक लेंगे। इस बैठक में प्रदेश संगठन से जुड़े मुद्दों, पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रभारी बनाए जाने के बाद यह विनोद तावड़े का राज्य का यह पहला दौरा है। ऐसे में उनके इस दौरे को संगठन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Share this story