राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व अन्य ने विजयादशमी की शुभकामनाएं दी

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व अन्य ने विजयादशमी की शुभकामनाएं दी


नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई नेताओं ने मंगलवार को विजयादशमी के शुभ अवसर पर देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति मुर्मु और उपराष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, विजयादशमी के शुभ अवसर पर देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई देते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उल्लास और विश्वास का यह विजय पर्व हर किसी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे। सभी का जीवन सुख-सौभाग्य और सफलता से समृद्ध हो, यही कामना है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि विजयदशमी (दशहरा) केवल एक पर्व नहीं, बल्कि सत्य, न्याय और सदाचार में अटूट विश्वास का प्रतीक है। यह पर्व उन्हें स्मरण कराता है कि अन्याय, अत्याचार और बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है। भगवान श्रीराम द्वारा रावण का वध अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है। दशहरा उन्हें प्रेरणा देता है कि वह अपने जीवन में अहंकार, अन्याय और नकारात्मकता का त्याग कर सत्य, मर्यादा और नैतिकता के मार्ग पर चलें। आइए, इस विजयादशमी पर सभी सत्य और सदाचार के मूल्यों को अपनाने तथा एक बेहतर समाज के निर्माण का संकल्प लें।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व देश की आस्था, सभ्यता और सांस्कृतिक परंपरा का उत्सव भी है। उनकी ईश्वर से कामना है कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लाए तथा समाज में सद्भाव और सौहार्द में अभिवृद्धि करे।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि यह पर्व उन्हें धर्म, मर्यादा और कर्तव्य के पथ पर दृढ़ता से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्रीराम की कृपा से सभी के जीवन में उल्लास और नई ऊर्जा का संचार हो।

केन्द्रीय स्वास्थ्यमंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की शाश्वत विजय का प्रतीक विजयादशमी उन्हें सत्य, साहस और मर्यादा के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्रीराम उन्हें सदैव धर्मपथ का मार्ग प्रशस्त करें।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि अधर्म, असत्य, अन्याय व अत्याचार पर धर्म, सत्य, न्याय और सदाचार की शाश्वत विजय का प्रतीक यह पावन पर्व सभी को अपने अंदर की बुराइयों का त्याग कर मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्री राम की कृपा से हर हृदय धर्म और सत्य के आलोक से आलोकित हो।

केन्द्रीय कपड़ामंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय के महान पर्व विजयादशमी सभी को अपने जीवन से बुराइयों का अंत कर सदाचार, संयम और कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दे। भगवान श्री राम की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सत्य की असत्य पर, न्याय की अन्याय पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का यह महापर्व हमें अहंकार, द्वेष और भेदभाव से ऊपर उठने की प्रेरणा देता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763755 Articles

Share this story