प्रधानमंत्री व अन्य ने विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री व अन्य ने विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संस्थापक सदस्य एवं पूर्व सांसद राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, राष्ट्र सेवा के प्रति विजयाराजे सिंधिया का त्याग और समर्पण सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्श और विचार विकसित भारत के संकल्प में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।

ओम बिरला ने कहा कि सार्वजनिक जीवन से लेकर संसदीय दायित्वों तक, विजयाराजे ने अपने सिद्धांतों और जन-कल्याण के प्रति अटूट निष्ठा के माध्यम से एक विशिष्ट पहचान बनाई। राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा, जन-सेवा और वैचारिक प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि विजयाराजे ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, जन-कल्याण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए अथक प्रयास किए। उनका जीवन राष्ट्र सेवा और जन-सेवा के प्रति अटूट निष्ठा के साथ-साथ सिद्धांतों के प्रति दृढ़ संकल्प के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि शाही वैभव का त्याग कर उन्होंने जनसेवा का मार्ग चुना और अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रवादी विचारधारा को सशक्त बनाने में समर्पित कर दिया। आपातकाल के विरुद्ध संघर्ष में उन्होंने महीनों तक कारावास की यातनाएं सहीं, फिर भी अपने सिद्धांतों से रत्ती भर भी समझौता नहीं किया। उनका जीवन सदैव हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर उन्हें सादर नमन किया।

केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा, “मेरे जीवन में प्रेरणा की स्रोत, मेरी दादी माँ और सम्मानित राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर, मैं उनके चरणों में बारंबार नमन करता हूं।”

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि उदार और प्रभावशाली व्यक्तित्व की धनी, भारतीय राजनीति में एक जाना-माना नाम ग्वालियर घराने की राजमाता विजयाराजे सिंधिया का भारतीय जनसंघ और भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में बड़ा योगदान था, जो सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759280 Articles

Share this story