प्रधानमंत्री ने विजया मेहता के निधन पर शोक जताया

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री ने विजया मेहता के निधन पर शोक जताया


नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रख्यात रंगकर्मी एवं फिल्म निर्देशक विजया मेहता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विजया मेहता आधुनिक मराठी रंगमंच की अग्रणी हस्ती थीं, जिन्होंने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक उत्कृष्टता के प्रति समर्पण से भारतीय रंगमंच और सिनेमा को नई दिशा दी।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश में कहा कि विजया मेहता को संस्कृति और सिनेमा जगत की सबसे प्रभावशाली हस्तियों में से एक के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। आधुनिक मराठी थिएटर की अगुआ रहीं विजया अपनी रचनात्मकता और कलात्मक उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने कहा कि आधुनिक मराठी रंगमंच की अग्रणी के रूप में उनके कार्यों ने अभिनेताओं, निर्देशकों और रंगमंच प्रेमियों की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया।

प्रधानमंत्री ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं विजया मेहता के परिवार, प्रशंसकों और पूरे कला जगत के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

उल्लेखनीय है कि विजया मेहता का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार (30 जून) को मुंबई स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story