तमिलनाडु जीत के बाद विजय ने प्रधानमंत्री मोदी और राहुल गांधी को शुभकामनाओं के लिए दिया धन्यवाद

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। अभिनेता से राजनेता बने और तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के प्रमुख थलापति विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी के शानदार प्रदर्शन पर बधाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

विजय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी के शुभकामना संदेश का जवाब देते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता राज्य के लोगों का कल्याण और विकास है। उन्होंने केंद्र सरकार के साथ मिलकर तमिलनाडु के विकास के लिए काम करने की इच्छा भी जताई।

विजय ने लिखा, “माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। हमारे लोगों की भलाई ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है। राजनीति से ऊपर उठकर हम राज्य की प्रगति और तमिलनाडु के लोगों के कल्याण पर ध्यान केंद्रित करेंगे। इस प्रयास में हम केंद्र सरकार के सहयोग की उम्मीद करते हैं।”

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने विजय और उनकी पार्टी को “शानदार प्रदर्शन” के लिए बधाई दी थी और राज्य के विकास के लिए केंद्र की प्रतिबद्धता दोहराई थी।

वहीं, राहुल गांधी ने भी विजय को फोन कर बधाई दी और इसे भारतीय राजनीति में युवाओं की बढ़ती आवाज का संकेत बताया।

राहुल गांधी को धन्यवाद देते हुए विजय ने एक्स पर कहा, “लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को उनके फोन कॉल और शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद। हम जनसेवा में उत्कृष्टता लाने और अपने राज्य की सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेंगे, जिसके लिए हम सभी के सामूहिक सहयोग की आवश्यकता है। राजनीति से ऊपर उठकर, हम तमिलनाडु के लोगों के कल्याण को ही अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story