थलपति विजय की फिल्म 'जन नायकन' लीक के आरोप को सीबीएफसी ने बताया निराधार और भ्रामक

WhatsApp Channel Join Now
थलपति विजय की फिल्म 'जन नायकन' लीक के आरोप को सीबीएफसी ने बताया निराधार और भ्रामक


नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स.)। थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायकन' की एचडी क्वालिटी में ऑनलाइन लीक होने की खबर पर केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) का बयान सामने आया है। सीबीएफसी ने उन खबरों को निराधार और भ्रामक बताया है जिसमें तमिल फिल्म “जना नायकन” के प्रमाणन बोर्ड से लीक होने के दावे किए गए है।

शनिवार को सीबीएफसी ने एक्स पर साझा किए गए अपने संदेश में कहा कि तमिल फिल्म “जना नायकन” के केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से लीक होने के दावे निराधार और भ्रामक हैं।

सीबीएफसी ने स्पष्ट किया है कि वह प्रमाणन के लिए प्रस्तुत सभी सिनेमाघरों में दिखाई जाने वाली फिल्मों के लिए एक सुरक्षित केडीएम (की डिलीवरी मैसेज) प्रणाली का पालन करता है। सामग्री तक पहुंच पासवर्ड से सुरक्षित है, और केडीएम केवल निर्माता, या फिल्म निर्माता के पास ही रहता है। वैध केडीएम के बिना फिल्म को देखा या एक्सेस नहीं किया जा सकता है।

“जना नायकन” का डीसीपी (डिजिटल सिनेमा पैकेज) 17 मार्च को मुंबई में आवेदक को विधिवत पावती के साथ सौंप दिया गया था, और तब से उनके पास ही है।

उल्लेखनीय है कि अभिनेता विजय की फिल्म ' जना नायकन' के सोशल मीडिया पर लीक होने के बाद फिल्म के कानूनी प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि अप्रकाशित फिल्म के किसी भी क्लिप को डाउनलोड करना, स्टोर करना या साझा करना एक गंभीर अपराध और कॉपीराइट कानूनों का उल्लंघन है। नोटिस में स्पष्ट रूप से जनता को व्हाट्सएप, एक्स, यूट्यूब और इंस्टाग्राम सहित विभिन्न प्लेटफार्मों पर ऐसी सामग्री प्रसारित करने के खिलाफ चेतावनी दी गई है। थलपति विजय की फिल्म 'जन नायकन' को कई महीनों से रिलीज होने का इंतजार कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story