मोदी ने वियतनाम में नाव हादसे पर जताया शोक

WhatsApp Channel Join Now
मोदी ने वियतनाम में नाव हादसे पर जताया शोक


नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वियतनाम में नाव हादसे में कई भारतीय नागरिकों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

प्रधानमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि फु-क्वोक के निकट भारतीय नागरिकों से जुड़ी नौका दुर्घटना की दुखद खबर से उन्हें अत्यंत पीड़ा हुई है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि भारत का दूतावास और वाणिज्य दूतावास प्रभावित भारतीयों तथा उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। इसके साथ ही भारतीय अधिकारी इस मामले में वियतनाम के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि राहत एवं सहायता कार्यों में कोई कमी न रहे।

उल्लेखनीय है कि वियतनाम में भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव के फु-क्वोक द्वीप के पास पलटने से 15 लोगों की मौत हो गयी है। हादसे में 21 लोगों को बचा लिया गया है। नाव पर 32 भारतीय पर्यटक और 4 चालक दल के सदस्य सवार थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story