उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन का कोलंबो हवाई अड्डे पर स्वागत
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन रविवार को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर श्रीलंका की राजधानी कोलंबो पहुंचे। उनकी श्रीलंका की यह पहली आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार हवाई अड्डे पर उनका भव्य और पारंपरिक स्वागत किया गया। यह दौरा कूटनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। उपराष्ट्रपति के कोलंबो पहुंचने पर उनका स्वागत श्रीलंका के उच्च अधिकारियों ने किया। इस दौरान वहां का प्रसिद्ध पारंपरिक कैंडीयन नृत्य पेश किया गया, जो दोनों देशों के बीच गहरी सांस्कृतिक समानता को दर्शाता है।
द्विपक्षीय बैठक के दौरान उपराष्ट्रपति श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और प्रधानमंत्री डॉ. हरिणी अमरसूर्या सहित अन्य शीर्ष नेताओं के साथ उच्च स्तरीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा, भारत सरकार के सहयोग से निर्मित भारतीय आवास परियोजना के तीसरे चरण के तहत तैयार किए गए घरों को औपचारिक रूप से तमिल समुदाय के सदस्यों को सौंपा जाएगा।
राधाकृष्णन भारतीय मूल के तमिल समुदाय के नेताओं और उत्तरी-पूर्वी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे। वे कोलंबो में भारतीय प्रवासियों को भी संबोधित करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सभ्यतागत और जन-संबंधों को और मजबूत करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

