उपराष्ट्रपति बुधवार से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे

WhatsApp Channel Join Now
उपराष्ट्रपति बुधवार से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे


नई दिल्ली, 18 अगस्त (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 19 एवं 20 अगस्त को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) में भारतीय वन सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद करेंगे और मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) में आईएएस व्यावसायिक पाठ्यक्रम के दूसरे चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

उपराष्ट्रपति सचिवालय ने मंगलवार को बताया कि उपराष्ट्रपति 19 अगस्त को आईजीएनएफए का दौरा करेंगे और भारतीय वन सेवा के 2025-27 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करने के साथ उनसे संवाद करेंगे। वह 20 अगस्त को मसूरी स्थित एलबीएसएनएए में 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों के व्यावसायिक पाठ्यक्रम के दूसरे चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।

अकादमी के दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story