विहिप ने दिल्ली सरकार के फैसले का किया स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
विहिप ने दिल्ली सरकार के फैसले का किया स्वागत


नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। आगामी बकरीद पर्व को लेकर दिल्ली सरकार की ओर से जारी किए गए सख्त और स्पष्ट दिशा-निर्देशों का विश्व हिंदू परिषद (विहिप), इन्द्रप्रस्थ ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए एक बेहतरीन कदम बताया।

विहिप इन्द्रप्रस्थ के प्रान्त मंत्री सुरेन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार को आधिकारिक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा के जनहित, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिए गए निर्णय अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने सरकार द्वारा जारी किए गए निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि गौवंश, गाय, बछड़ा, ऊंट व अन्य प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी को पूर्णतः गैरकानूनी घोषित करना और उल्लंघनकर्ताओं पर आपराधिक मुकदमा दर्ज करने का प्रावधान हिंदू समाज की सांस्कृतिक व धार्मिक भावनाओं का सच्चा सम्मान है।

विहिप ने सार्वजनिक स्थलों, गलियों और सड़कों पर कुर्बानी को प्रतिबंधित करने और केवल वैध स्थलों पर ही इसकी अनुमति देने के फैसले को आम नागरिकों की सुविधा के लिए एक बेहतरीन कदम बताया।

सुरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि कुर्बानी के बाद अपशिष्ट (वेस्ट) को सीवर, नाली या खुले स्थानों पर फेंकने पर पूर्ण प्रतिबंध से राजधानी में बीमारियां फैलने का खतरा नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन होने पर आम जनता द्वारा पुलिस व दिल्ली सरकार के विकास मंत्रालय को सीधे सूचित करने की व्यवस्था से अपराधियों में कानून का भय स्थापित होगा। सुरेन्द्र गुप्ता ने विश्वास दिलाया कि विहिप इन नियमों का पालन सुनिश्चित करवाने और समाज में जागरूकता फैलाने में दिल्ली सरकार तथा पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story