विहिप नए वेद विद्यालय खोलेगी: आलोक कुमार

WhatsApp Channel Join Now
विहिप नए वेद विद्यालय खोलेगी: आलोक कुमार


नई दिल्ली, 25 सितम्बर (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने शुक्रवार को कहा कि दिवंगत अशोक सिंघल के वेदों और संस्कृत के प्रचार के सपने को आगे बढ़ाते हुए विहिप नए वेद विद्यालय खोलेगी।

आलोक कुमार आज दिल्ली स्थित विश्व संवाद केंद्र, नॉर्थ एवन्यू में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ओडिशा में स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती के आश्रम का उदाहरण देते हुए कहा, वहां संचालित वेद विद्यालय में जनजातीय बालिकाओं को चारों वेदों की शिक्षा दी जा रही है। उनका मानना है कि प्रत्येक हिन्दू को वेदों के अध्ययन और संस्कृत भाषा में दक्षता प्राप्त करने का समान अधिकार है।

उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल फाउंडेशन द्वारा तैयार किए गए विशेष जानकारी युक्त भव्य स्मृति स्तंभ इन सभी स्थलों पर स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए केंद्रीय कानून की मांग और गौसंवर्धन कार्यों को निरंतर जारी रखा जाएगा।

आलोक कुमार ने बताया कि अशोक सिंघल फाउंडेशन की ओर से अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में जन्मशती समारोह का मुख्य उद्घाटन कार्यक्रम 27 सितंबर को भारत मंडपम में आयोजित होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले शामिल होंगे। अशोक सिंघल के प्रेरक जीवन और संघर्षों पर आधारित वृहद पुस्तक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story