लखनऊ में विहिप के बहुमंजिला कार्यालय का चंपत राय ने किया भूमि पूजन
कार्यालय संगठन की साधना का मंदिर : चंपत राय
लखनऊ, 14 मई (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने गुरूवार को लखनऊ में विहिप अवध प्रांत के नवीन प्रांतीय कार्यालय का भूमि पूजन किया। यह कार्यालय नगर में लालकुआं के पास हुसैनगंज मेट्रो स्टेशन के पास वहीं बनेगा, जहां पहले कार्यालय था। यह भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त और बहुमंजिला हाेगा।
नवीन प्रांतीय कार्यालय के शिलान्यास के माैके पर चंपत राय ने कहा कि कार्यालय संगठन के कार्य विस्तार का बिन्दु है और संगठन की साधना का मंदिर है। कार्यालय केवल स्थान मात्र नहीं है बल्कि कार्यकर्ताओं के मिलन का केन्द्र भी है। यह कार्यालय अवध प्रांत में संगठन की गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है। उन्होंने विश्व हिन्दू परिषद की स्थापना से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण संघर्षों से लेकर प्राण प्रतिष्ठा में कार्यालय के योगदान के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अखिल भारतीय अधिकारी सह सम्पर्क प्रमुख रमेश पप्पा, प्रांत प्रचारक कौशल, विहिप के केन्द्रीय मंत्री राजेन्द्र सिंह पंकज, विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह, संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष, संघ के वरिष्ठ प्रचारक वीरेन्द्र सिंह, विहिप के प्रांत अध्यक्ष कन्हैया लाल नगीना, प्रान्त संगठन मंत्री विजय प्रताप, प्रांत मंत्री देवेंद्र मिश्र, प्रांत प्रचारक प्रमुख यशोदानंद, प्रान्त सम्पर्क प्रमुख गंगा सिंह, व प्रशान्त भाटिया सहित संघ और विहिप के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

