गाजियाबाद पुलिस चौकी मेंं धमाके की जांच एटीएस शुरु की, तहरीक उल मुजाहिदीन हिंन्दुस्तान ने ली जिम्मेदारी
गाजियाबाद, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिले की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात हुए धमाके की जिम्मेदारी तहरीक उल मुजाहिदीन हिंन्दुस्तान नाम के एक संगठन ने ली है। यूपी की एटीएस और अन्य जांच एजेंसियों ने घटना की जांच तेज कर दी है।
गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ और यूपी एटीएस टीम के साथ ही तमाम बड़े अफसरों ने शनिवार को चौकी का दौरा किया। यह हादसा है या फिर साजिश, अभी यह साफ नहीं है।
इसी बीच एक संगठन ने सोशल मीडिया पर वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर हुए धमाके की जिम्मेदारी ली है लेकिन पुलिस की ओर से अभी तक इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। यूपी एटीएस और आईबी की टीमें घटना की जांच कर रही हैं। साथ ही सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच चल रही है।
पुलिस कमिश्नर ने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार रात को सूचना मिली कि इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली वसुंधरा पुलिस चौकी की पिछली दीवार के पास धमाका हुआ है। उस समय वहां माैजूद एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी बॉय घायल हाे गये थे। इसके बाद जांच शुरू की गई। बम डिस्पोजल स्क्वॉड, फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम अभी भी मौके से सबूत जुटा रही हैं। जांच में अभी तक धमाके के कारण का पता नहीं चल पाया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि धमाका कैसे हुआ। डिलीवरी के लिए आए एक डिलीवरी बॉय को मामूली चोटें आई हैं।
एटीएस की जांच पर उन्होंने कहा कि जांच के दौरान बाकी सभी पहलुओं को भी देखा जाएगा। उत्तर प्रदेश पुलिस समेत कई अन्य एजेंसियां भी मौके पर मौजूद हैं। बारीकी से जांच की जा रही है। वसुंधरा चौकी में हुए धमाके की जांच के लिए शनिवार को बम निरोधक दस्ता नमूने एकत्र किए हैं। आशंका जताई है कि विस्फोटक सामग्री से धमाका हुआ है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

