उत्तराखंड में नौ हज़ार एकड़ भूमि लैंड जिहाद से मुक्त

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में नौ हज़ार एकड़ भूमि लैंड जिहाद से मुक्त


-मुख्यमंत्री बोले- युवाओं के लिए सिर झुका भी सकता हूं, कटा भी सकता हूं

-उत्तराखंड बनेगा एडवेंचर टूरिज़्म हब

-42 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा की पूरी, अब शीतकालीन यात्रा को मिलेगा बढ़ावा

-करीब 250 अवैध मदरसों को सील और 500 से अधिक अवैध संरचनाओं को किया गया ध्वस्त

देहरादून, 30 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार अपने सांस्कृतिक मूल्यों और डेमोग्राफी को संरक्षित रखने के लिए भी पूर्ण रूप से संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। अब तक प्रदेश में 9 हज़ार एकड़ भूमि लैंड जिहाद से मुक्त किया गया है।

मंगलवार शाम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चैप्टर-2025' कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए यह बातें कही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर प्रदेश में सख्त धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानूनों को लागू किया है वहीं राज्य में ऑपरेशन कालनेमी चलाकर सनातन हिंदू धर्म को बदनाम करने वाले जेहादियों को पकड़ने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लैंड जिहाद पर कड़ी कार्रवाई करते हुए नौ हजार एकड़ से अधिक की सरकारी भूमि को लैंड जिहादियों से मुक्त कराया है। इसके साथ ही करीब 250 अवैध मदरसों को सील करने के साथ ही 500 से अधिक अवैध संरचनाओ को भी हटाया गया है। राज्य में नया कानून लागू कर मदरसा बोर्ड को भी समाप्त करने का निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत, राज्य में एक जुलाई 2026 के पश्चात वो सभी मदरसे बंद हो जाएंगे। इतना ही नहीं, देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता कानून लागू कर अपने सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून लागू करने का ऐतिहासिक कार्य भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में एक नकल का मामला सामने आया था,प्रकरण की जानकारी मिलते ही हमारी सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और पूरी परीक्षा की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया। परंतु कुछ लोग इस मामले की आड़ में हमारे युवाओं को ढाल बनाकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने की कोशिश रहे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों को आश्वस्त किया गया है कि इस प्रकरण की सीबीआई जांच की अनुशंसा की जाएगी और उनकी सभी न्यायोचित मांगों को पूरा किया जाएगा। पिछले 4 वर्षों में राज्य के 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्राप्त हुई है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इस कानून के लागू होने के पश्चात हमने बीते 4 वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को सलाखों के पीछे भेजा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग तो ये भी कह रहे हैं कि हम युवाओं के आगे या सीबीआई जांच की मांग करने वालों के आगे झुक गए। ऐसे सभी लोगों को ये स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मैं, युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सर झुका भी सकता हूं और सर कटा भी सकता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में आपदाओं का प्रकोप होने के बावजूद अब तक लगभग 42 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पूरी कर सकुशल अपने गंतव्य को लौट चुके हैं। हमने अब राज्य में “शीतकालीन यात्रा” भी प्रारंभ की हैं,जिससे श्रद्धालु और पर्यटक शीत काल में भी हमारे धार्मिक स्थलों के साथ-साथ अन्य पर्यटक स्थलों के दर्शन कर सकें। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश और विश्व का ‘एडवेंचर टूरिज़्म हब’ बनाने के लिए ट्रेकिंग,माउंटेन बाइकिंग,रिवर राफ्टिंग,पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी अनेक परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं ताकि उत्तराखंड को देश का ही नहीं बल्कि विश्व का ‘एडवेंचर टूरिज़्म हब’बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली नंदा देवी राजजात यात्रा और वर्ष 2027 में देवनगरी हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ को भी दिव्य और भव्य बनाने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रहे हैं। आज हमारा प्रदेश धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ वेलनेस टूरिज्म,एडवेंचर टूरिज्म,फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन और वेडिंग डेस्टिनेशन के क्षेत्र में भी एक विशिष्ट केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766698 Articles

Share this story