परीक्षा सुधार में उत्तर प्रदेश का मॉडल पारदर्शिता और जवाबदेही की मिसाल: मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार के हाई पावर्ड टास्क फोर्स (एचपीटीएफ) के अध्यक्ष नंदन नीलेकणि और उनकी टीम के साथ की बैठक

यूपी का युवा अब परीक्षा व नौकरी को लेकर सिफारिश नहीं करता, बल्कि काबिलियत के बल पर हासिल करता है नौकरीः मुख्यमंत्री

अच्छे लोग आएंगे तो परिणाम भी सुखद होंगे और ‘नए भारत’ के ‘नए उत्तर प्रदेश’ को विकसित व आत्मनिर्भर बनाने में हमें मिलेगी सफलताः मुख्यमंत्री 

विभिन्न आयोग व बोर्डों के अध्यक्ष/चेयरमैन ने टास्क फोर्स के सदस्यों को प्रदेश में भर्ती एवं परीक्षा प्रणाली में किए गए सुधारों की विस्तार से दी जानकारी

नंदन नीलेकणि ने की उत्तर प्रदेश में हुए इंफ्रास्ट्रक्चर और डेवलपमेंट की सराहना, देश में परीक्षा सुधार के लिए यूपी के अनुभवों और सुझावों को बताया महत्वपूर्ण

लखनऊ, 26 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को केंद्र सरकार की हाई पावर्ड टास्क फोर्स (एचपीटीएफ) के अध्यक्ष नंदन नीलेकणि एवं सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उत्तर प्रदेश में पारदर्शी परीक्षाओं की कार्यप्रणाली और परीक्षा सुधारों से संबंधित जानकारी का अध्ययन करने आए टास्कफोर्स के साथ मुख्यमंत्री ने प्रदेश की भर्ती एवं परीक्षा प्रणाली में किए गए व्यापक सुधारों पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार की मंशा पहले ही दिन से साफ है। हमने उत्तर प्रदेश के युवाओं को शुचितापूर्ण व पारदर्शी परीक्षा के साथ निष्पक्ष नियुक्ति की प्रक्रिया सुनिश्चित की है। अब युवा उत्तर प्रदेश में परीक्षा व नौकरी को लेकर कहीं सिफारिश नहीं करता, बल्कि वह अपनी काबिलियत के बल पर नौकरी हासिल करता है। हमारा मानना है कि अच्छे लोगों का चयन अच्छे परिणाम लाता है। यदि अच्छे लोग आएंगे तो परिणाम भी सुखद होंगे और नए भारत के नए उत्तर प्रदेश को विकसित व आत्मनिर्भर बनाने में हमें सफलता मिलेगी। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केवल परीक्षा आयोजन की व्यवस्थाओं को ही मजबूत नहीं किया गया है, बल्कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भी नियमित निगरानी रखी जाती है। इसके लिए संबंधित आयोगों और भर्ती बोर्डों के साथ पुलिस तंत्र भी सक्रिय रहता है। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा या भर्ती प्रक्रिया को लेकर भ्रामक सूचना प्रसारित करता है तो उससे संबंधित आरोपों के प्रमाण और दस्तावेज मांगे जाते हैं। यदि उसके पास प्रमाण उपलब्ध हैं तो सरकार नियमानुसार कार्रवाई करती है। वहीं, अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई की जाती है। इससे पूरी प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित होती है और अभ्यर्थियों का विश्वास बना रहता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में सभी स्तरों पर परीक्षाओं का निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन बड़ी चुनौती है। एक समय था जब नकल माफिया ने पूरी परीक्षा व्यवस्था को दूषित कर दिया था। परीक्षा प्रक्रिया में बाधा डालने और उसे प्रभावित करने के कारण युवाओं के मन में व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा हुआ था। उन्हें लगने लगा था कि मेहनत और योग्यता के बावजूद उनके साथ न्याय नहीं हो पाएगा। कुछ लोग इसी अविश्वास और युवाओं की भावनाओं का राजनीतिक दुरुपयोग करते हुए सोशल मीडिया पर भी भ्रम फैलाने का प्रयास करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि प्रदेश में होने वाली प्रत्येक परीक्षा शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो। भर्ती प्रक्रिया में योग्य अभ्यर्थियों का चयन विकास की बुनियादी आवश्यकता है। यदि अच्छे और योग्य लोगों का चयन नहीं होगा तो संस्थाओं का प्रदर्शन बेहतर नहीं हो सकता और विकास के अपेक्षित परिणाम भी प्राप्त नहीं किए जा सकते। इसलिए भर्ती और परीक्षा प्रणाली में सुधार को प्रदेश सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विभिन्न आयोगों और भर्ती बोर्डों के माध्यम से आयोजित परीक्षाओं की पूरी प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला है। प्रदेश ने पिछले वर्षों में परीक्षा आयोजन, अभ्यर्थियों की सुविधा, पारदर्शिता और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं विकसित की हैं।

बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग तथा उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष/चेयरमैन ने प्रदेश में परीक्षा आयोजन से लेकर चयन प्रक्रिया और नियुक्ति पत्र वितरण तक की पूरी कार्यप्रणाली का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि उत्तर प्रदेश में किस प्रकार भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाती है। परीक्षा के आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, चयन प्रक्रिया तथा नियुक्ति पत्र वितरण तक अपनाए जाने वाले विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील परिस्थितियों से निपटने, अफवाहों पर नियंत्रण और परीक्षा प्रक्रिया को बाधित करने वाले तत्वों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी साझा की गई।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि परीक्षा सुधार केवल परीक्षा आयोजित करने की तकनीकी व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पूरी भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता, संस्थागत जवाबदेही, कानून-व्यवस्था और अभ्यर्थियों का विश्वास भी महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई व्यवस्था के अनुभव केंद्र सरकार के हाई पावर टास्क फोर्स के साथ साझा किए गए।

बॉक्स
नंदन नीलेकणि ने की उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों और इंफ्रास्ट्रक्चर में आए बदलाव की प्रशंसा
हाई पावर्ड टास्क फोर्स के अध्यक्ष नंदन नीलेकणि ने बताया कि वह लगभग 15 वर्ष बाद लखनऊ आए हैं। इस दौरान उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों और इंफ्रास्ट्रक्चर में आए बदलाव को देखकर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस स्तर पर आधारभूत ढांचे का विकास हुआ है, वैसा विकास उन्होंने पहले नहीं देखा था। नंदन नीलेकणि ने बताया कि उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य देश में परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न राज्यों में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं का अध्ययन करना है। इसके लिए अलग-अलग राज्यों के साथ संवाद किया जा रहा है और उनसे सुझाव प्राप्त किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में भर्ती बोर्डों और आयोगों ने परीक्षा आयोजन से लेकर चयन तथा नियुक्ति तक की प्रक्रिया में जो अच्छे कार्य किए हैं, उन्हें समझना भी इस दौरे का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

Live VNS Desk
Live VNS Desk

23812 Articles

Trusted Journalism | Unbiased Reporting | Responsible Editorial Team Since 2013, Live VNS Desk has been committed to delivering fair, factual, and public-interest journalism. Our experienced editorial team oversees the selection, writing, editing, verification, and publication of news content, ensuring accuracy, credibility, and editorial integrity. In today's evolving digital landscape, we embrace modern technology, including Artificial Intelligence (AI), whenever appropriate. However, AI is used solely to assist with content writing, language refinement, and editorial efficiency?not to manipulate facts, spread misinformation, or promote any particular political or ideological agenda. Our principle is simple: Technology can assist journalism, but editorial responsibility must always remain with humans. Every piece of content, including AI-assisted material, is subject to human editorial oversight to maintain journalistic standards. our mission is to provide readers with accurate, balanced, credible, and impartial news. We prioritize facts over sensationalism, transparency over manipulation, and public interest above all else

Share this story