सिद्धार्थ नगर के युवक की नेपाल में डूबने से मौत, परिवार के साथ घूमने गया था बुटवल

WhatsApp Channel Join Now
सिद्धार्थ नगर के युवक की नेपाल में डूबने से मौत, परिवार के साथ घूमने गया था बुटवल


सिद्धार्थ नगर, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थ नगर की नगर पंचायत इटवा निवासी 35 वर्षीय प्रभात सोनी रक्षाबंधन पर शुक्रवार काे अपनी माँ, छोटे भाई शिवा और अन्य परिजनों के साथ पड़ोसी देश नेपाल में बुटवल घूमने गए थे। वे शनिवार की सुबह बुटवल में नदी किनारे पत्थर पर बैठे हुए थे। इस दौरान नदी में अचानक बाढ़ की तेज धारा ने उन्हें बहा लिया। उनके सिर पर पत्थर की चोट भी लगी। दोपहर में उनका शव बरामद हुआ। पुलिस ने कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया की। पिता सहित परिवार के लोग शव लाने के लिए नेपाल रवाना गए।

प्रभात के पिता अवधेश सोनी ने बताया कि हमारा बेटा नेपाल के बुटवल में घूमने गया था। अचानक नदी के पानी की तेज धारा की चपेट में आ जाने से उसकी मौत हो गई है। पूर्व मंत्री डॉ सतीश द्विवेदी ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाया।उन्होंने कहा कि यह घटना बहुत ही दुःखद है। नदी की पानी के तेज बहाव में आने से प्रभात डूब गए जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक के पास दो छोटी बच्चियां हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलराम त्रिपाठी

Share this story