प्रधानमंत्री मोदी ने काशी काे दी 6332 करोड़ की 163 परियोजनाओं की बड़ी सौगात

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी ने काशी काे दी 6332 करोड़ की 163 परियोजनाओं की बड़ी सौगात


प्रधानमंत्री मोदी ने काशी काे दी 6332 करोड़ की 163 परियोजनाओं की बड़ी सौगात


— बरेका के ‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ में माेदी ने हजारों महिलाओं से किया संवाद— पहली बार महिलाओं ने जनसभा और प्रधानमंत्री मोदी के सुरक्षा की संभाली कमान

वाराणसी, 28 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को 6332 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी है। प्रधानमंत्री ने दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों—बनारस से पुणे (हडपसर) और अयोध्या से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।

बरेका इंटर कॉलेज मैदान पर मंगलवार काे आयोजित एक जनसभा में प्रधानमंत्री ने रिमोट के माध्यम से 163 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 1054.69 करोड़ रुपये की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 5277.39 करोड़ रुपये की 113 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

बरेका परिसर में ‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ में बहुत बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि पहली बार महिलाओं ने न केवल जनसभा में सक्रिय भूमिका निभाई, बल्कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में भी अहम जिम्मेदारी संभाली। सभा स्थल पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुली जीप पर सवार होकर पहुंचे। प्रधानमंत्री मातृशक्ति के बीच पहुंचकर उनका अभिवादन भी स्वीकार करते रहे। माेदी ने देश को विकसित बनाने केे कार्य काे तेजी से आगे बढ़ाने में भारत की नारी शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण बताई। मंच पर नए संसद भवन का चित्र लगा था। इस माैके पर प्रधानमंत्री माेदी काे राष्ट्रीय पक्षी मोर की प्रतिमा भी भेंट की गई।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने काशी से पुणे और अयोध्या से मुंबई के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का भी शुभारंभ किया। इन ट्रेनाें सेमहाराष्ट्र के लोगों को काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या आने के लिए एक आधुनिक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story