प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की गारमेंट इकाई का किया उद्घाटन, महिलाओं से किया संवाद

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की गारमेंट इकाई का किया उद्घाटन, महिलाओं से किया संवाद


- करीब 100 से 150 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित इकाई में एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद- खेल परिधान, शर्ट, टी-शर्ट और अंडरगारमेंट्स का होगा उत्पादन, निर्यात की भी योजना

वाराणसी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित खोचवां में अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट निर्माण इकाई का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने इकाई का निरीक्षण करने के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकीं और यहां कार्यरत महिलाओं से सीधा संवाद किया। प्रधानमंत्री ने महिलाओं के अनुभव सुने और उनके कामकाज तथा प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी ली।

इससे पहले प्रधानमंत्री का विशेष हेलीकॉप्टर खोचवां पहुंचा, जहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अन्य विशिष्ट अतिथियों और अरविंद लिमिटेड के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने औद्योगिक इकाई का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध उत्पादन सुविधाओं तथा कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

अरविंद लिमिटेड की यह औद्योगिक इकाई करीब 100 से 150 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित की गई है। यहां खेल परिधान, अंडरगारमेंट्स, शर्ट और टी-शर्ट सहित विभिन्न प्रकार के वस्त्रों का उत्पादन किया जाएगा। इकाई में तैयार उत्पादों के निर्यात की भी योजना है।

इस परियोजना से एक हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। इनमें बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। महिलाओं को रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से पहले से प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

परियोजना में उत्पादन गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय स्तर पर कौशल विकास और महिला रोजगार को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इसे उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने और विनिर्माण आधारित आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री ने औद्योगिक इकाई में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकीं और कार्यरत महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने महिलाओं से प्रशिक्षण, कामकाज और रोजगार से जुड़े उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली।

इस इकाई के माध्यम से स्थानीय महिलाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। इससे महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ने के साथ क्षेत्र में वस्त्र उद्योग से जुड़ी गतिविधियों के विस्तार की उम्मीद है।

वाराणसी पहुंचने से पहले सोशल मीडिया पर साझा किया कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी पहुंचने से पहले सोशल मीडिया पर रविवार के अपने कार्यक्रमों की जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि वह उत्तर प्रदेश और ओडिशा में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की गारमेंट निर्माण इकाई के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे वस्त्र क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने वाराणसी में 'एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026' देखने और ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक के डेटा सेंटर तथा साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने की भी जानकारी दी थी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766402 Articles

Share this story