वाराणसी में प्रधानमंत्री का पुष्पववर्षा के बीच स्वागत, समर्थकों को देख पीएम ने रुकवाई कार

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में प्रधानमंत्री का पुष्पववर्षा के बीच स्वागत, समर्थकों को देख पीएम ने रुकवाई कार


वाराणसी में प्रधानमंत्री का पुष्पववर्षा के बीच स्वागत, समर्थकों को देख पीएम ने रुकवाई कार


वाराणसी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। यहां पुलिस लाइन से नमो घाट तक 13 स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और डमरू दल की गूंज के बीच उनका अभिनंदन किया। राेड शाे के दाैरान हाथों में भाजपा के ध्वज और तिरंगा लिए लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

प्रधानमंत्री अपने वाराणसी दौरे में मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां स्थित अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का उद्घाटन करने के बाद नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो देखने पहुंचे। इसके लिए वह वायुसेना के हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे, जहां से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से वाहनों के काफिले के साथ नमो घाट के लिए रवाना हुए।

पुलिस लाइन से नमो घाट तक रास्ते में जगह-जगह प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा। भदऊचुंगी के पास सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में मौजूद लोगों का उत्साह देखकर प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी कार रुकवा दी। वह कार से बाहर निकले और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

स्वागत केंद्रों पर दिखी काशी की सांस्कृतिक छटा

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया के अनुसार प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन से नमो घाट तक 13 स्वागत बिंदु बनाए गए थे। इन केंद्रों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, डमरू दल और पुष्पवर्षा के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। काशी की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर संगीत और नृत्य के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

पुलिस लाइन के प्रवेश द्वार पर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रधानमंत्री के प्रति समर्थन और सम्मान व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री को पेंटिंग भेंट करने की आस में खड़ा रहा गाजीपुर का बालक

नमो घाट के समीप गाजीपुर का सिद्धार्थ नामक बालक प्रधानमंत्री मोदी को अपनी बनाई पेंटिंग भेंट करने की उम्मीद में देर तक खड़ा रहा। उसने अपने हाथों से प्रधानमंत्री की तस्वीर तैयार की थी और उसकी इच्छा थी कि वह स्वयं प्रधानमंत्री से मिलकर उन्हें यह पेंटिंग भेंट करे।

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क रहीं। वहीं, भाजपा के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता विभिन्न स्वागत केंद्रों पर जनसमूह के साथ मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के स्वागत के दौरान काशी की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और नागरिकों का उत्साह पूरे मार्ग पर दिखाई दिया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766402 Articles

Share this story